नाहन : शहर में पानी की किल्लत के बीच जल शक्ति विभाग की एक ऐसी लापरवाही सामने आई है, जिसने विभागीय प्रबंधन की पोल खोल कर रख दी है। नाहन के ‘हॉस्पिटल राउंड’ मार्ग पर पानी की बर्बादी की जो हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई, वह कोई साधारण लीकेज नहीं बल्कि वार्ड नंबर 2 को सप्लाई देने वाले मुख्य चेंबर के ठीक साथ से गुजर रही पाइपलाइन की है।
हैरानी की बात यह है कि यह कोई एक दिन का वाकया नहीं है, बल्कि स्थानीय लोगों के अनुसार इस मुख्य चेंबर के साथ वाली पाइपलाइन से आए दिन रोज़ाना इसी तरह पानी बहना एक आम बात हो गई है। हालाँकि आम दिनों में यहाँ कम पानी बहता है, लेकिन आज लापरवाही की हद हो गई और सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक (करीब डेढ़ घंटे) पाइपलाइन से पानी का एक बहुत बड़ा फुव्वारा लगातार चलता रहा, जिससे हज़ारों लीटर कीमती पीने का पानी सड़कों और नालियों में बहकर बर्बाद हो गया।

सबसे बड़ा और चौंकाने वाला पहलू यह है कि यह वही मुख्य पॉइंट है जहाँ विभाग के लाइनमैन और कर्मचारियों को पानी चालू और बंद करने के लिए रोज़ाना आना पड़ता है। यानी जिस जगह पर कर्मचारियों की रोज़ाना सीधी नज़र रहती है, वहीं पर डेढ़ घंटे तक पानी का फुव्वारा चलता रहा और किसी ने इसे रोकने की जहमत नहीं उठाई। एक तरफ वार्ड नंबर 2 की जनता पानी की भारी कमी से जूझ रही है, और दूसरी तरफ उनके हक का पानी उन्हीं की मुख्य पाइपलाइन से सड़कों पर बह रहा था।
कल ही जहाँ शहर के लोग पानी की किल्लत को लेकर पार्षदों के साथ अधिकारियों के चक्कर काट रहे थे, वहीं मुख्य पाइप पर रोज़ाना होने वाली इस बर्बादी को देखकर स्थानीय निवासियों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। इस गंभीर मामले और रोज़ाना की इस समस्या पर जब जल शक्ति विभाग के एसडीओ (SDO) रोशन लाल से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है और वह जल्द ही इस पाइप की समस्या का स्थाई समाधान निकालेंगे। अब देखना यह होगा कि रोज़ाना होने वाली इस बर्बादी पर विभाग कब तक लगाम लगा पाता है।