नाहन: पूर्व पार्षद शबाना चौहान का निधन, शहर में शोक की लहर

नाहन: सिरमौर जिला के नाहन शहर के लिए आज एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है। नगर परिषद की पूर्व पार्षद और वार्ड नंबर 9 की निवासी शबाना चौहान अब हमारे बीच नहीं रहीं। वे पिछले काफी समय से स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं से जूझ रही थीं और गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, शबाना चौहान किडनी और लिवर की गंभीर बीमारी से ग्रसित थीं। उनकी स्थिति नाजुक होने के कारण उन्हें बीती रात डायलिसिस पर भी रखा गया था, लेकिन तमाम चिकित्सा प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे नाहन क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

शबाना चौहान नाहन की राजनीति में एक जाना-पहचाना चेहरा थीं। भारतीय जनता पार्टी की सक्रिय सदस्य के रूप में उन्होंने लगातार तीन बार पार्षद बनकर जनता की सेवा की।अपने 15 वर्षों के लंबे कार्यकाल के दौरान वे क्षेत्र के विकास कार्यों और आम जनता की समस्याओं को सुलझाने के लिए सदैव तत्पर रहीं। उनकी पहचान एक कर्मठ और समर्पित जनसेवक के रूप में की जाती है।

परिवारिक सदस्यों के अनुसार उनका पार्थिव शरीर आज शाम तक दिल्ली से नाहन पहुँचेगा।उनके आकस्मिक निधन पर शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्थानीय निवासियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे नाहन के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।