नाहन: बनकला में स्कूल से घर लौट रहे 11 साल के बच्चे को रास्ते में रोककर पीटा, दंपति पर केस दर्ज

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : बनकला क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रहे 11 वर्षीय मासूम बच्चे का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। बच्चे के पिता की शिकायत पर पुलिस थाना नाहन ने एक दंपति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदीप कुमार पुत्र करतार सिंह, निवासी गांव बनकला डाकघर शंभुवाला, तहसील नाहन ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि गुरुवार, 19 नवंबर को उनका 11 वर्षीय बेटा विहान रोजाना की तरह पढ़ाई के लिए स्कूल गया था। दोपहर को जब स्कूल की छुट्टी होने के बाद विहान घर वापस लौटा, तो वह बुरी तरह रो रहा था और उसके मुंह पर सूजन आई हुई थी।

बच्चे की हालत देखकर जब उसकी माता ने उससे रोने और चोट लगने का कारण पूछा, तो विहान ने आपबीती सुनाई। बच्चे ने बताया कि स्कूल से घर आते समय रास्ते में सरनवीर के घर के पास सरनवीर और उसकी पत्नी पिंकी ने उसे रोक लिया। आरोप है कि दंपति ने मासूम के साथ न केवल मारपीट और गाली-गलौज की, बल्कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने दंपति के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत केस पंजीकृत कर लिया है और मामले में आगामी जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed