नाहन: बनेठी में पुरानी रंजिश के चलते रात के अंधेरे में व्यक्ति पर जानलेवा हमला

नाहन : ग्रामीण क्षेत्र बनेठी के कटोहड़ गांव में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का एक मामला सामने आया है। यहाँ पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर पत्थर से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर गांव के ही दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला शिकायतकर्ता ओम प्रकाश (निवासी गांव कटोहड़, डाकघर बनेटी, तहसील नाहन, जिला सिरमौर) के बयानों पर दर्ज किया गया है। ओम प्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीते 8 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे वह अपने गांव कटोहड़ में स्थित मंदिर के समीप मौजूद थे।

शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान उनके ही गांव के रहने वाले विनोद और प्रेमपाल वहाँ आ धमके। दोनों आरोपी कथित तौर पर नशे की हालत में थे और पुरानी रंजिश को लेकर उन्होंने ओम प्रकाश को बीच रास्ते में रोक लिया। रास्ता रोकते ही दोनों आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और बदतमीजी शुरू कर दी।

विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने ओम प्रकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच आरोपी विनोद ने क्रूरता दिखाते हुए पास पड़े एक पत्थर से ओम प्रकाश के माथे पर जोरदार वार कर दिया। पत्थर लगने के कारण ओम प्रकाश के माथे पर गहरी चोट आई और वे लहूलुहान हो गए। मारपीट के दौरान आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी ।

घायल ओम प्रकाश को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका मेडिकल करवाया गया है। एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि नाहन पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों (विनोद और प्रेमपाल) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।