नाहन बाल्मीकि चौक हिंसक झड़प मामला: पुलिस ने 3 और आरोपियों को किया गिरफ्तार

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : बाल्मीकि चौक पर गत 23 अक्टूबर को हुई हिंसक झड़प और पथराव की घटना के संबंध में पुलिस ने अपनी कार्रवाई को और तेज कर दिया है। सदर थाना नाहन में दर्ज FIR के तहत कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने बीती रात मामले में संलिप्त 3 और आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को आज माननीय अदालत के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने मामले की गंभीरता और पूछताछ की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए तीनों आरोपियों को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश जारी किए हैं। इस ताजा कार्रवाई के बाद बाल्मीकि चौक घटना में गिरफ्तार किए जाने वाले कुल आरोपियों की संख्या बढ़कर अब 14 हो गई है।

जांच की संवेदनशीलता को देखते हुए नाहन पुलिस ने फिलहाल नए गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नामों का खुलासा करने से मना कर दिया है। पुलिस का मानना है कि इस चरण पर पहचान उजागर करने से मामले की निष्पक्ष जांच और अन्य संभावित संदिग्धों की धरपकड़ पर असर पड़ सकता है। फिलहाल घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हिंसा में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका को गहराई से खंगाला जा रहा है।

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिंसा फैलाने, पथराव करने तथा शांति व्यवस्था भंग करने में शामिल प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने आम जनता से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।