नाहन : जिला सिरमौर के नाहन क्षेत्र के तहत निहोग के पास एक तेज रफ्तार हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल लड़की को अंदरूनी (गुम) चोटें आई हैं, जबकि युवक के दाहिने टांग (Right Side) में तीन फ्रैक्चर (टुकड़े) हुए हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर लापरवाही से वाहन चलाने वाले एचआरटीसी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अकाल कॉलेज बडू साहिब की छात्रा ने बताया कि वह अपने जानकार कल्प शर्मा के साथ मोटरसाइकिल नंबर (HP71-7381) पर भूर्शिंग महादेव मंदिर सराहां में दर्शन करने गई थी। दर्शन करने के बाद जब वे दोनों वापस लौट रहे थे, तो निहोग के पास नाहन की तरफ से आ रही HRTC बस नंबर (HP18B-9838) के चालक ने एक तीखे मोड़ पर लापरवाही और तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए उनकी दिशा में आकर बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।

शिकायतकर्ता के अनुसार, यह हादसा पूरी तरह से बस चालक की तेज गति और घोर लापरवाही के कारण पेश आया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी बस चालक की पहचान कुशल शर्मा पुत्र सत्यानन्द शर्मा, निवासी डाकघर कोटला मोलर, तहसील ददाहू के रूप में हुई है। पुलिस ने चालक के खिलाफ नए कानून के तहत धारा 281 और 125A, BNS के तहत अभियोग दर्ज कर लिया है और मामले की गहन तफतीश की जा रही है।