नाहन : जिला मुख्यालय नाहन में बुराई पर अच्छाई की विजय का पर्व दशहरा हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नगर परिषद की देखरेख में ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान अराध्य उत्सव का भव्य नजारा देखने को मिला, जहां 40 फीट ऊंचे रावण और 35-35 फीट ऊंचे कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। इसके साथ ही लंका दहन भी किया गया।
इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में स्थानीय विधायक अजय सोलंकी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और सांसद सुरेश कश्यप ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर और तीर चलाकर पुतलों को अग्नि समर्पित की। इस दौरान नगर परिषद की चेयरमैन उपमा धीमान विशेष रूप से मौजूद रहीं और कार्यक्रम की अगुवाई की। समारोह की गरिमा बढ़ाते हुए नगर परिषद के सभी पार्षदगण भी इस अवसर पर उपस्थित रहे, जिन्होंने उत्सव की व्यवस्था और संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।

दशहरे के इस पावन पर्व को देखने के लिए चौगान मैदान में भारी संख्या में शहरवासी जुटे थे। इस उत्सव की सबसे खास बात यह रही कि इसमें हिंदू के साथ-साथ मुस्लिम और सिख समुदाय के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर शिरकत की। सभी ने एक साथ मिलकर न केवल पर्व का आनंद लिया, बल्कि शहर में आपसी भाईचारे और धार्मिक सौहार्द की एक बेहतरीन मिसाल पेश की।
पुतलों के धधकते ही आसमान रंग-बिरंगी आतिशबाजी से जगमगा उठा, जिसे देखकर बच्चों और बड़ों में खासा उत्साह नजर आया।