नाहन : सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के व्यस्तम महलात क्षेत्र में बुधवार शाम हरियाणा से आए पर्यटकों ने जमकर उत्पात मचाया। अत्यधिक शराब के नशे में धुत पर्यटकों ने न केवल सार्वजनिक स्थान पर अभद्रता की, बल्कि मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के साथ गाली-गलौज और हाथापाई भी की। लगभग 45 मिनट तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
नो-पार्किंग और सार्वजनिक जगह पर गंदगी फैलाने से बिगड़ी बात
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा नंबर (HR 07 AG 7821) की कार में आए युवकों ने अपनी गाड़ी महलात क्षेत्र के नो-पार्किंग जोन में खड़ी की थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शराब के नशे में धुत युवक भीड़भाड़ वाले इलाके में सरेआम गंदगी फैलाने (सार्वजनिक रूप से पेशाब करने) लगे। जब मौके पर मौजूद ट्रैफिक इंचार्ज ने उन्हें रोका और गाड़ी हटाने को कहा, तो वे भड़क गए।

एक युवक का आक्रामक रवैया, दूसरा साथी बना रहा मूकदर्शक
गाड़ी हटाने की बात पर शुरू हुई बहस जल्द ही तीखी नोकझोंक में बदल गई। इस दौरान हरियाणा के युवकों में से एक युवक बेहद उग्र और आक्रामक हो गया। वह लगातार पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और हाथापाई करता रहा, जबकि उसका दूसरा साथी मौके पर मौजूद तो था, लेकिन वह ज्यादा कुछ नहीं कर रहा था और ज्यादातर शांत ही बना रहा।
इसी बीच आक्रामक युवक का रवैया इस कदर बिगड़ गया कि उसने ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक इंचार्ज पर नाखून से हमला करने का प्रयास भी किया। युवकों के साथ एक-दो युवतियां भी थीं। हंगामा बढ़ा तो उग्र युवक ने अपनी कार बीच सड़क पर आड़ी-तिरछी खड़ी कर दी, जिससे महलात रोड पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
भड़क उठे स्थानीय लोग, पुलिस ने दिखाई सूझबूझ
पर्यटक की इस गुंडागर्दी को देखकर मौके पर जमा स्थानीय नागरिकों का गुस्सा भी सातवें आसमान पर पहुंच गया। हालांकि, ट्रैफिक पुलिस ने भारी संयम और समझदारी का परिचय दिया। पुलिस लगातार उग्र युवक को शांत करने की कोशिश करती रही। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि पुलिस संयम न बरतती, तो आक्रोशित भीड़ आक्रामक युवक की धुनाई कर सकती थी।
चौकी प्रभारी ने स्थिति संभाली, कानूनी शिकंजा कसा
घटना की सूचना मिलते ही गुनूघाट चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति की संवेदनशीलता को समझते हुए सूझबूझ से काम लिया और कार की सीट पर बैठे मुख्य आरोपी युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर अपनी हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस उसे गुन्नूघाट की ओर ले गई, तब जाकर करीब पौने घंटे बाद मार्ग पर यातायात बहाल हो सका।
पुलिस ने हरियाणा नंबर की गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की करने और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।