नाहन: जिला मुख्यालय नाहन और इसके आसपास के क्षेत्रों में आए भीषण अंधड़ ने विद्युत व्यवस्था को पूरी तरह से चरमरा दिया है। तूफान की वजह से 33 KV की अंधेरी (कालाअंब) और गिरी नगर से आने वाली सप्लाई पूरी तरह ठप है। इस मुख्य लाइन के क्षतिग्रस्त होने का सीधा असर नाहन शहर पर पड़ा है, जिसके चलते पूरे शहर की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बंद हो गई है।
वर्तमान में क्षेत्र में तूफान का दौर जारी है, जिससे जनजीवन थम सा गया है। बिजली गुल होने से शहर के हजारों उपभोक्ता अंधेरे में डूबे हैं और रोजमर्रा के कार्यों में भारी बाधा आ रही है। मुख्य लाइन में आए फाल्ट के कारण विभाग के सामने पूरी सप्लाई को बहाल करना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।

विद्युत विभाग के एसडीओ (SDO) संतोष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अभी भी तूफान चल रहा है, जिसके कारण मरम्मत का काम शुरू कर पाना संभव नहीं है। कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए तूफान के रुकने का इंतजार किया जा रहा है।
एसडीओ ने बताया कि जैसे ही तूफान थमेगा, विभाग की टीमें तुरंत मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लेंगी और युद्धस्तर पर बहाली का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि काम शुरू होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बिजली सुचारू होने में कितना समय लगेगा। विभाग ने नाहन वासियों से सहयोग की अपील की है और जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है।