नाहन में रास्ता रोककर युवक और परिजनों पर हमला, 11 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला मुख्यालय नाहन के नावनी का बाग क्षेत्र में रास्ता रोककर एक युवक और उसके परिजनों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस थाना नाहन ने पीड़ित की शिकायत पर 11 लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में नावनी का बाग (नाहन) निवासी मनविन्दर सैनी उर्फ अमित सैनी पुत्र संजीव कुमार सैनी ने बताया कि सोमवार (9 नवंबर) दोपहर करीब 3:00 बजे वह अपनी दादी को सरकारी अस्पताल से डिस्चार्ज करवाकर अपने चाचा के घर छोड़कर वापस लौट रहा था।

जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंचा, तो रास्ते में राजेश कुमार सैनी, प्रदीप कुमार सैनी, उषा सैनी, सीमा सैनी, अंजलि सैनी, यश सैनी, जीता सैनी, दीक्षा सैनी, प्रीतम सैनी, रामचरण सैनी और रीना सैनी ने अचानक उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि इन सभी ने बिना किसी उकसावे के उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

शिकायतकर्ता को पिटता देख जब उसके चाचा के बेटे दक्ष सैनी, सिदार्थ सैनी और चाची बबीता सैनी उसे बचाने मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी हाथापाई की। हमलावरों ने तीनों के साथ मारपीट की, भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देकर मौके से हट गए।

घटना के तुरंत बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस थाना नाहन पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण करवाकर पुलिस मामले के हर पहलू की आगामी कार्रवाई कर रही है

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।