नाहन मेडिकल कॉलेज में सिटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड जैसी आवश्यक सुविधाएं ठप: डॉ. बिंदल

नाहन : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और इसका सबसे गंभीर उदाहरण नाहन मेडिकल कॉलेज है। उन्होंने कहा कि सिरमौर जिले के एकमात्र प्रमुख चिकित्सा संस्थान में आज सिटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड तथा अन्य महत्वपूर्ण डायग्नोस्टिक सेवाएं चिकित्सकों की कमी के कारण बंद होने की स्थिति में पहुंच गई हैं। यह अत्यंत गंभीर और चिंताजनक विषय है, क्योंकि इसका सीधा असर हजारों मरीजों के उपचार पर पड़ रहा है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा पहले भी नाहन मेडिकल कॉलेज की अव्यवस्थाओं को सरकार के समक्ष उठाती रही है। ऑपरेशन थिएटर लंबे समय से पूरी क्षमता के साथ संचालित नहीं हो पा रहे हैं, जिसके कारण ऑर्थोपेडिक्स, सामान्य सर्जरी तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में ऑपरेशन के लिए मरीजों को 15-15 दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। गंभीर रोगियों को समय पर उपचार न मिलना स्वास्थ्य व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों में नए विभाग, नई सुविधाएं और सीटों का विस्तार किया जा रहा है, लेकिन नाहन मेडिकल कॉलेज विकास की दौड़ में लगातार पिछड़ता जा रहा है। भवन निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण नए विभाग शुरू नहीं हो पा रहे हैं, बेड क्षमता नहीं बढ़ रही, चिकित्सकों के पद नहीं बढ़ाए जा रहे और पोस्ट ग्रेजुएशन की सुविधाओं का भी विस्तार नहीं हो रहा। इसका खामियाजा सिरमौर जिले के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

डॉ. बिंदल ने प्रदेश सरकार से मांग की कि नाहन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों के रिक्त पद तत्काल भरे जाएं, बंद पड़ी स्वास्थ्य सेवाओं को शीघ्र बहाल किया जाए, ऑपरेशन थिएटरों को पूरी क्षमता से संचालित किया जाए तथा मेडिकल कॉलेज के अधूरे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि सिरमौर की जनता को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।