नाहन: विधायक सोलंकी की पहल पर CM सुक्खू ने भेजा वायुसेना का हेलिकॉप्टर, बची दो ज़िन्दगी

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर में जारी मूसलाधार बारिश के चलते नाहन के बर्मा पापड़ी क्षेत्र में रून नदी के विकराल उफान ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। नदी के तेज बहाव के बीच टापू पर करीब 3 घंटे तक फंसे बुजुर्ग बनारसी दास और उन्हें बचाने उतरे जल शक्ति विभाग के साहसी कर्मचारी अंशुल को आखिरकार सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राज्य सरकार द्वारा भेजे गए वायुसेना के हेलिकॉप्टर और NDRF, पैरा व होमगार्ड की टीमों के जमीनी संघर्ष से यह बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

घटनाक्रम के अनुसार, बर्मा पापड़ी निवासी बुजुर्ग बनारसी दास अपनी भैंसों को निकालने नदी की ओर गए थे। तभी ऊपरी इलाकों में हुई भारी बारिश से रून नदी में अचानक पानी का सैलाब आ गया और बनारसी दास बीच नदी में बने टापू पर फंस गए।

बुजुर्ग को मुसीबत में देख बर्मा पापड़ी में जल शक्ति विभाग (IPH) में कार्यरत साहसी युवक अंशुल ने अदम्य साहस और मानवता की मिसाल पेश की। अपनी जान की परवाह न करते हुए अंशुल उफनती नदी में कूद पड़े और तैरकर बुजुर्ग के पास पहुंचे। उन्होंने बनारसी दास को थोड़ा ऊपर सुरक्षित टापू तक पहुंचाया, लेकिन पानी का स्तर इतनी तेजी से बढ़ा कि अंशुल खुद भी बुजुर्ग के साथ वहीं फंस गए। देखते ही देखते दोनों के कमर तक पानी पहुंच गया और करीब 3 घंटे तक सांसें अटकी रहीं।

घटना की सूचना मिलते ही नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। विधानसभा सत्र के चलते विधायक सोलंकी शिमला में ही मौजूद थे, लेकिन उन्होंने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की।

सोलंकी के आग्रह और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने बिना देरी किए वायुसेना के हेलिकॉप्टर (चॉपर) से तत्काल रेस्क्यू टीम भेजने की व्यवस्था करवाई।

वायुसेना का हेलिकॉप्टर मौके पर पहुंचते ही बचाव दल ने तुरंत टापू पर फंसे बुजुर्ग बनारसी दास को सुरक्षित एयरलिफ्ट कर लिया। इसके साथ ही मौके पर मुस्तैद NDRF, पैरा और होमगार्ड की टीमों की मदद से साहसी युवक अंशुल को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दोनों के सही-सलामत किनारे पहुंचते ही मौके पर मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

बर्मा पापड़ी के समस्त ग्रामवासियों ने संकट की इस घड़ी में त्वरित पहल करने के लिए विधायक अजय सोलंकी और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का सहृदय धन्यवाद किया। ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर बुजुर्ग को बचाने वाले जल शक्ति विभाग के कर्मचारी अंशुल के साहस को भी सलाम किया।

सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद विधायक अजय सोलंकी ने कहा, “प्रत्येक व्यक्ति का जीवन अनमोल है। संकट की घड़ी में जनता की जान बचाना हमारा पहला कर्तव्य है। मैं मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, वायुसेना की रेस्क्यू टीम, स्थानीय प्रशासन और साहसी युवक अंशुल का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।”

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।