नाहन-श्री रेणुका जी मार्ग नेहली के पास चट्टानें गिरने से ठप्प, शाम तक बहाली के आसार

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन: सिरमौर जिले में मुख्य जिला मार्ग नाहन-श्री रेणुका जी पर नेहली के पास अचानक पहाड़ी से चट्टानें और मलबा खिसकने के कारण बीती रात से आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है। मुख्य रास्ता बंद होने से नाहन और दादाहू/श्री रेणुका जी के बीच संपर्क कट गया है, जिससे यात्रियों और स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

मामले की जानकारी देते हुए एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने बताया कि सड़क पर गिरी भारी चट्टानों को हटाने का काम लगातार जारी है और इस मार्ग के आज शाम तक ही बहाल हो पाने की संभावना है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा और यातायात को सुचारू रखने के लिए नए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की हिदायत दी है।

प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, नाहन से श्री रेणुका जी की ओर जाने वाले यात्री वाया जमटा-पंजहाल मार्ग या जमटा-बिरला मार्ग का उपयोग कर सकते हैं। वहीं, दादाहू से नाहन की तरफ आने वाले लोगों को वाया शिलनू-कैलाश मार्ग से यात्रा करने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा, क्षेत्र में ददाहू से जैथल घाट मार्ग भी एक अन्य विकल्प के रूप में मौजूद है, जिसका लगभग 95 प्रतिशत हिस्सा पक्का होकर कनेक्ट हो चुका है। हालांकि, ददाहू से जलाल ब्रिज तक के हिस्से में सड़क का निर्माण कार्य अभी अधूरा होने के कारण यात्रियों को फिलहाल जमटा-पंजहाल और शिलनू-कैलाश मार्गों का ही मुख्य रूप से इस्तेमाल करने का सुझाव दिया गया है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि जब तक मुख्य मार्ग पूरी तरह साफ नहीं हो जाता, तब तक धैर्य बनाए रखें और वैकल्पिक रास्तों का ही चयन करें।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।