नाहन : विजयादशमी के इस पावन पर्व पर सिरमौर जिले के नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली आमवाला सैनवाला पंचायत में इस बार कुछ ऐसा खास हो रहा है, जो हर किसी की चर्चा का विषय बना हुआ है। यहाँ ग्रामीण युवाओं की मेहनत से तैयार किया गया 77 फीट ऊंचा रावण का विशाल पुतला इन दिनों इलाके भर में मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। खास बात यह है कि ज़िले में इस बार दहन होने वाले रावण के पुतलों में इसे सबसे ऊंचा बताया जा रहा है, जिसे देखने के लिए दूर-दराज से लोग पहुँच रहे हैं।
इस भव्य कृति को धरातल पर उतारने के लिए स्थानीय युवाओं ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। ललित तोमर, युद्धवीर सिंह फौजी और वेद प्रकाश सहित पूरी युवा टीम ने दिन-रात एक करते हुए करीब एक महीने की लंबी मशक्कत के बाद इस विशालकाय पुतले को मुकम्मल किया है। पंचायत और ग्रामीणों के आपसी आर्थिक व शारीरिक सहयोग से तैयार इस पुतले पर लागत के साथ-साथ युवाओं का पसीना और समर्पण साफ झलकता है।

जैसे ही शाम ढलती है, यह 77 फीट ऊंचा पुतला रंग-बिरंगी और आकर्षक बिजली की लाइटों से जगमगा उठता है। रात के वक्त दूधिया रोशनी में नहाया यह विशालकाय रावण न केवल स्थानीय निवासियों, बल्कि नाहन-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) से गुजरने वाले हर मुसाफिर और राहगीरों की रफ्तार थाम रहा है और सबका मन मोह रहा है।
पंचायत की प्रधान सीमा तोमर और पूर्व प्रधान संदीपक तोमर ने इस अनूठे प्रयास की सराहना करते हुए बताया कि गाँव की यह पुरानी परंपरा रही है कि सभी ग्रामीण मिलकर आपसी भाईचारे और सहयोग से बुराई के प्रतीक रावण का दहन करते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि इस बार के इस ऐतिहासिक और सबसे ऊंचे रावण का दहन मंगलवार शाम ठीक सात बजे किया जाएगा। पुतले के अभूतपूर्व आकार और उस पर सजाई गई नायाब रोशनी के कारण क्षेत्र के बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में भारी उत्साह और उत्सुकता का माहौल है।