नाहन : B-Negative रक्त की थी इमरजेंसी, खाकी वर्दी वाले ‘हीरो’ ने बचाई दो जानें!”

नाहन : सेवा और सुरक्षा का संकल्प सिर्फ ड्यूटी तक ही सीमित नहीं होता, बल्कि मानवता की रक्षा के लिए भी खाकी हमेशा तैयार रहती है। जिला सिरमौर में पुलिस विभाग में तैनात आरक्षी विनोद शर्मा ने एक बार फिर इसे सच कर दिखाया है। ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी सिरमौर’ के सक्रिय सदस्य विनोद शर्मा ने एक गर्भवती महिला की जान बचाने के लिए आपातकाल की स्थिति में B-Negative रक्तदान कर मिसाल पेश की है।

जानकारी के अनुसार, तहसील शिलाई के गाँव क्यारी गुड़हा पाब की एक गर्भवती महिला डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज नाहन के गाइनी विभाग में उपचाराधीन है। मरीज के शरीर में हीमोग्लोबिन की भारी कमी थी और आज ही उनका ऑपरेशन होना तय हुआ था। डॉक्टरों ने आपातकाल में रक्त की तीसरी यूनिट की आवश्यकता जताई थी। दुर्लभ ब्लड ग्रुप (B-Negative) होने के कारण परिवार को रक्त जुटाने में कठिनाई हो रही थी।

जैसे ही सोसाइटी के माध्यम से विनोद शर्मा से संपर्क किया गया, उन्होंने बिना एक पल गंवाए सहमति दी। वे अपने कार्यक्षेत्र से तुरंत नाहन ब्लड बैंक पहुंचे और रक्तदान किया। उनके इस सहयोग से जच्चा-बच्चा को नया जीवन मिला है। विनोद शर्मा का यह जीवन का तीसरा रक्तदान था।

रक्तदान के उपरांत ब्लड बैंक नाहन की स्टाफ नर्स स्वाति ने विनोद शर्मा को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। विनोद शर्मा हिमाचल प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर सेवाएं दे रहे हैं और ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी’ के माध्यम से सामाजिक कार्यों में सदैव तत्पर रहते हैं।

सोसाइटी के अध्यक्ष ईशान राव ने इस मौके पर समाज को एक कड़ा संदेश देते हुए कहा कि रक्तदानी ही असली जीवनदानी है। साथ ही उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे ‘चिट्टे’ जैसे नशे का हर तरह से विरोध करें और समाज निर्माण में अपना योगदान दें।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।