नाहन : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर जिला मुख्यालय नाहन में कांग्रेस लीगल सेल ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। वीरेंद्र पाल (मुख्य संयोजक, जिला सिरमौर कांग्रेस लीगल सेल एवं वरिष्ठ अधिवक्ता) की अगुवाई में वकीलों के एक शिष्टमंडल ने पुलिस अधीक्षक (SP) निश्चिंत सिंह नेगी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हाईकोर्ट के वकील विनय शर्मा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग को लेकर एक विस्तृत शिकायत पत्र सौंपा।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मुख्यमंत्री और सरकार के वरिष्ठ पदाधिकारियों के खिलाफ लगातार अभद्र, अमर्यादित और डराने-धमकाने वाली भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। लीगल सेल ने पुलिस प्रशासन से इन विवादित पोस्टों के डिजिटल सबूतों को तुरंत सुरक्षित करने और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र पाल ने दो टूक शब्दों में कहा कि लोकतंत्र में नीतियों का विरोध करने का अधिकार सबको है, लेकिन मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचाना और व्यक्तिगत चरित्र हनन करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून के दायरे से बाहर जाकर भाषा की मर्यादा लांघने वालों पर बिना किसी दबाव के निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।
इस अवसर पर शकील अहमद, करण चौहान, वसीम खान, अंशुल खान, विपिन ठाकुर और संजय थापा सहित भारी संख्या में स्थानीय अधिवक्ता उपस्थित रहे।