नाहन MC में EO का पद 15 दिनों से खाली: कर्मचारियों के वेतन पर संकट, विकास कार्य भी ठप

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : नगर परिषद नाहन में कार्यकारी अधिकारी का तबादला होने के बाद से पिछले 15 दिनों से यह महत्वपूर्ण पद खाली पड़ा हुआ है। ईओ की तैनाती न होने के कारण शहर के विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं, वहीं कर्मचारियों के सिर पर आगामी माह के वेतन को लेकर संकट के काले बादल मंडराने लगे हैं।

शनिवार को नगर परिषद के प्रांगण में एकत्रित होकर कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध जताते हुए जल्द ईओ की तैनाती की मांग की। कर्मचारियों ने बताया कि आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए समय पर वेतन मिलना बेहद जरूरी है, क्योंकि वे पूरी तरह अपनी तनख्वाह पर ही निर्भर हैं।

नगर परिषद यूनियन के उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह ने कहा कि पिछले कई दिनों से ईओ का पद रिक्त होने के कारण नवंबर माह में समय पर वेतन मिलने की संभावना बेहद कम नजर आ रही है। यदि समय पर सैलरी नहीं मिली तो कर्मचारियों का त्यौहार फीका पड़ जाएगा। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक अजय सोलंकी से गुहार लगाई है कि नाहन नगर परिषद में जल्द से जल्द ईओ की नियुक्ति की जाए ताकि प्रशासनिक कार्य और वेतन प्रक्रिया सुचारू हो सके।

उधर, नगर परिषद की अध्यक्ष उपमा धीमान ने बताया कि अक्टूबर माह में ईओ का तबादला हुआ था। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस विषय को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक अजय सोलंकी से लगातार बातचीत की जा रही है और जल्द ही नाहन में नए ईओ की तैनाती करवा दी जाएगी।

इस अवसर पर अमर प्रकाश, देश राज, सोम प्रकाश, माया राम, राकेश कुमार, कश्मीर चंद, बानू राम सहित नगर परिषद के कई कर्मचारी उपस्थित रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।