नेरवा: शिमला जिला के नेरवा में आयोजित की जा रही 28वीं सीनियर व वैटरन नेशनल टेनिस वॉलीबॉल चैंपियनशिप के दूसरे दिन शनिवार को खेल का रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया। पहाड़ों की खूबसूरत वादियों के बीच स्थित खेल मैदान में दिनभर मुकाबलों का दौर चला, जिसमें देश भर से आए खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। मैदान पर जहां एक ओर पहाड़ों और देश के अन्य राज्यों से आईं बेटियों ने अपनी सधी हुई सर्विस से धूम मचाई, वहीं बेटों ने दमदार स्पाइक मारकर पूरे स्टेडियम को तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजा दिया।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन के कड़े मुकाबलों के बाद अब सेमीफाइनल और फाइनल की रेस बेहद दिलचस्प हो गई है। सभी टीमों के खिलाड़ी राष्ट्रीय खिताब को अपने नाम करने और नेशनल टीम में जगह बनाने के सपने के साथ मैदान पर पसीना बहा रहे हैं। पुरुष वर्ग में दिनभर चले मुकाबलों में पुरुष वर्ग के कुल 22 हाई-वोल्टेज मैच संपन्न हुए। महिला वर्ग में भी 14 कड़े मुकाबले खेले गए, जिनमें से कई मैच अंतिम पॉइंट तक खिंचे और दर्शकों को सीट छोड़ने पर मजबूर कर दिया। रविवार के दिन प्रतियोगिता के सभी वर्गों के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिसके बाद देश को नया नेशनल चैंपियन मिल जाएगा।
चैंपियनशिप के दूसरे दिन जुब्बल राजपरिवार की राजकुमारी दिव्या कुमारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने मैदान पर जाकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके खेल कौशल की जमकर सराहना की।
उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में खेल जगत के चमकते सितारे व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बालवीर सूरी, सेवानिवृत्त तहसीलदार एच.एल. घेजटा तथा तमिलनाडु से विशेष रूप से पहुंचे जितेन्द्र ब्रागटा मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने सुदूर ग्रामीण क्षेत्र नेरवा में इतने बड़े स्तर की राष्ट्रीय खेल प्रतिस्पर्धा का सफल आयोजन करने के लिए हिमाचल प्रदेश टेनिस वॉलीबॉल एसोसिएशन की आयोजन समिति का विशेष आभार व्यक्त किया।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि 14 जून (रविवार) को प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि विजेताओं और उपविजेताओं को चमचमाती राष्ट्रीय ट्रॉफियों और पदकों से नवाजेंगे। दूसरे दिन के खेल के दौरान आयोजन सचिव रविंद्र दुर्गाइक, तकनीकी चेयरमैन ज्ञान मेहता और स्थानीय खेल प्रेमी भारी संख्या में उपस्थित रहे।