नौणी यूनिवर्सिटी में सत्र 2026-27 के लिए नए कोर्स लॉन्च, प्रवेश प्रक्रिया शुरू

Photo of author

By Hills Post

सोलन: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से विद्यार्थियों के लिए रोजगारपरक और आधुनिक तकनीकों से लैस कई नए कोर्सेज शुरू करने की आधिकारिक घोषणा की है। इस वर्ष से विश्वविद्यालय ने कृषि व्यवसाय, प्रबंधन और जलवायु विज्ञान के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए विशेष स्नातक और स्नातकोत्तर कार्यक्रम तैयार किए हैं, जिनकी आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

ये नए पाठ्यक्रम किए गए हैं शामिल

बी.एससी. (ऑनर्स) एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट (B.Sc. Agribusiness Management)

कृषि विज्ञान और कॉर्पोरेट बिजनेस मैनेजमेंट के सिद्धांतों को जोड़ने वाला यह 4 वर्षीय स्नातक कोर्स इसी सत्र से शुरू हो रहा है। इसमें कुल 50 सीटें निर्धारित की गई हैं। इस कोर्स को करने के बाद छात्र एग्रीबिजनेस मैनेजर, कृषि उद्यमी और मार्केटिंग प्रोफेशनल के रूप में देश-विदेश की बड़ी कंपनियों में करियर बना सकते हैं।

एम.बी.ए. जनरल (MBA – General)

प्रबंधन के क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं की मांग को देखते हुए विश्वविद्यालय ने एम.बी.ए. जनरल कार्यक्रम को पुनः प्रारंभ किया है। इस कोर्स के तहत भी 50 सीटें रखी गई हैं।

एम.एससी. एग्रीकल्चरल मेटेरोलॉजी (M.Sc. Agricultural Meteorology)

मौसम और जलवायु परिवर्तन का खेती पर पड़ने वाले प्रभावों का वैज्ञानिक अध्ययन करने के लिए यह स्नातकोत्तर कोर्स लॉन्च किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य ऐसे विशेषज्ञ तैयार करना है, जो बदलते मौसम के अनुकूल कृषि पद्धतियों के लिए किसानों का सटीक मार्गदर्शन कर सकें।

प्रवेश के लिए क्या है पात्रता (Eligibility Criteria)?

बी.एससी. (ऑनर्स) एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट: अभ्यर्थी मान्यता प्राप्त बोर्ड से अंग्रेजी विषय के साथ 10+2 पास होना चाहिए। इसके साथ ही फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी, मैथ, कृषि भौतिकी, कृषि रसायन या एग्रीकल्चर में से कोई तीन विषय पढ़े होने अनिवार्य हैं। इस कोर्स में दाखिला बारहवीं के अंकों की मेरिट के आधार पर होगा।

एम.एससी. एग्रीकल्चरल मेटेरोलॉजी: आवेदक के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से बी.एससी. (ऑनर्स) फॉरेस्ट्री, हॉर्टिकल्चर या एग्रीकल्चर की 4 वर्षीय डिग्री होनी चाहिए। साथ ही कोर्स क्रेडिट सिस्टम में न्यूनतम 6.00/10.00 OGPA या पारंपरिक वार्षिक प्रणाली में न्यूनतम 60% अंक होना आवश्यक है।

विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए महत्वपूर्ण तिथियां (Admission Schedule)

विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार, विभिन्न स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) कोर्सेज में सामान्य और स्ववित्तपोषित सीटों के लिए आवेदन व परीक्षा का शेड्यूल इस प्रकार तय किया गया है ।

पाठ्यक्रम / सीट श्रेणीबिना लेट फीस आवेदन की अंतिम तिथिलेट फीस के साथ अंतिम तिथिप्रवेश परीक्षा (Entrance Exam) की तिथि व केंद्र
स्नातक (UG) – सामान्य सीटें15 जून 202619 जून 202605 जुलाई 2026 (सोलन, हमीरपुर, सुंदरनगर, पालमपुर और रामपुर)
स्नातक (UG) – स्ववित्तपोषित सीटें23 जुलाई 202627 जुलाई 2026मेरिट के आधार पर (मेरिट सूची 31 जुलाई को आएगी)
बी.एससी. एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट23 जुलाई 202627 जुलाई 202610+2 के अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट
स्नातकोत्तर (PG) व एमबीए (जनरल)30 जून 202606 जुलाई 202612 जुलाई 2026 (केवल विश्वविद्यालय मुख्य परिसर, नौणी में)

विश्वविद्यालय के अन्य कैंपस में उपलब्ध कोर्स

नौणी के मुख्य परिसर के अलावा कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड फॉरेस्ट्री, नेरी (हमीरपुर) और थुनाग (मंडी) में भी बी.एससी. (ऑनर्स) हॉर्टिकल्चर एवं फॉरेस्ट्री के कोर्स चल रहे हैं।

नेचुरल फार्मिंग: मुख्य परिसर नौणी में छात्र बी.एससी. एग्रीकल्चर (ऑनर्स) इन नेचुरल फार्मिंग तथा बी.टेक फुट टेक्नोलॉजी में प्रवेश ले सकते हैं।

नेरी कैंपस: यहाँ बी.टेक बायोटेक्नोलॉजी और बी.टेक फूड टेक्नोलॉजी के बेहतरीन विकल्प उपलब्ध हैं।

इसके अलावा स्नातकोत्तर (M.Sc.) स्तर पर एंटोमोलॉजी, फ्रूट साइंस, वेजिटेबल साइंस, एनवायरनमेंटल साइंस, प्लांट पैथोलॉजी, सॉयल साइंस, फूड प्रोसेसिंग और सिल्वीकल्चर सहित दर्जनों विषयों में विशेषज्ञता (स्पेशलाइजेशन) की जा सकती है, जिसकी विस्तृत सूची विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थी समय रहते ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपना आवेदन पूर्ण कर सकते हैं।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।