पांवटा साहिब में 9.22 ग्राम चिट्टे के साथ तीन गिरफ्तार, HPSEB का लाइनमैन भी शामिल

नाहन : सिरमौर जिला में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पांवटा साहिब पुलिस की डिटेक्शन सेल की टीम को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बद्रीपुर चौक के समीप नाकेबंदी के दौरान एक कार को रोककर तीन युवकों को 09.22 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि पकड़ा गया मुख्य आरोपी बिजली विभाग में सरकारी कर्मचारी है, जो इस काले कारोबार में संलिप्त था।

मिली जानकारी के अनुसार यह पूरी कार्रवाई पुख्ता सूचना के आधार पर अमल में लाई गई। बीते कल जब डिटेक्शन सेल की पुलिस टीम बद्रीपुर के पास गश्त पर तैनात थी, तो उन्हें विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली कि नाहन की तरफ से आ रही एक कार (नंबर HP44A-1338) में चिट्टे की खेप ले जाई जा रही है और यह गाड़ी बद्रीपुर चौक से होकर शिलाई रोड की तरफ बढ़ने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उक्त संदिग्ध कार को चेकिंग के लिए रोक लिया, जिसमें तीन लोग सवार थे।

पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में कार चालक ने अपनी पहचान सूरज ठाकुर पुत्र स्वर्गीय घनश्याम, निवासी चुराह (जिला चंबा) के रूप में बताई, जो वर्तमान में शिलाई में हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड (HPSEB) विभाग में बतौर लाइनमैन तैनात है। वहीं कार की अगली सीट पर बैठे दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम अखिल पुत्र बाबू राम और पिछली सीट पर बैठे तीसरे व्यक्ति ने अपना नाम कमलेश कुमार पुत्र नरेश चंद बताया, ये दोनों आरोपी धकोली (तहसील शिलाई, जिला सिरमौर) के रहने वाले हैं। पहचान पुख्ता होने के बाद जब पुलिस ने गाड़ी की गहनता से तलाशी ली, तो उनके कब्जे से कुल 09.22 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।

नशीले पदार्थ की खेप मिलते ही पुलिस ने इसे तुरंत अपने कब्जे में ले लिया और तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स ड्रग्स और साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आज इन तीनों आरोपियों को माननीय अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां से इन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ करेगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और क्षेत्र में इसके तार और किन-किन लोगों से जुड़े हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।