पच्छाद के विश्वजीत ठाकुर का अंतरराष्ट्रीय मंच पर जलवा, थाईलैंड में भारत को दिलाया सिल्वर मेडल

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल के तहत आने वाले मलाना गांव निवासी विश्वजीत ठाकुर ने बैंकॉक में आयोजित थाईलैंड ओपन फेंसिंग चैंपियनशिप 2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में विश्वजीत की शानदार तलवारबाजी के दम पर चार सदस्यीय भारतीय टीम ने टीम स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। इस भारतीय टीम में विश्वजीत ठाकुर के अलावा मणिपुर के दो और जम्मू के एक खिलाड़ी शामिल थे।

विश्वजीत ठाकुर राष्ट्रीय और अंतर-विश्वविद्यालय स्तर पर पहले भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। वे प्रोफेशनल फेंसिंग एथलीट प्रतियोगिताओं में 8 बार के नेशनल मेडलिस्ट, 3 बार के खेलो इंडिया मेडलिस्ट, तथा 4 बार ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स मेडलिस्ट रहे हैं। इसके साथ ही वे एनएसएनआईएस (NSNIS) सर्टिफाइड कोच और एक हाइब्रिड एथलीट भी हैं। इस अंतरराष्ट्रीय सफलता के बाद विश्वजीत ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि उनका अंतिम लक्ष्य ओलंपिक खेलों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करना और देश के लिए पदक हासिल करना है।

विश्वजीत की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हिमाचल प्रदेश फेंसिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष शादीलाल गोस्वामी ने विश्वजीत ठाकुर और पूरी भारतीय फेंसिंग टीम को इस शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। वहीं, एसोसिएशन के महासचिव अतुल ठाकुर ने कहा कि विश्वजीत लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं, जो प्रदेश की युवा खेल प्रतिभाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।

हिमाचल प्रदेश सरकार के खेल प्रोत्साहन प्रयासों पर बात करते हुए अतुल ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार की इन खेल नीतियों के कारण ही प्रदेश की ग्रामीण और दूरदराज की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आगे बढ़ने और अपनी क्षमता साबित करने का बेहतरीन अवसर मिल रहा है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।