नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर स्थित पुलिस थाना पच्छाद के अंतर्गत गांव डिलमन (गुरमुखवाली) में जमीन से जुड़ा विवाद गहरा गया है। आरोप है कि 29 और 30 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि पड़ोसी भूमि मालिकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर नई व पुरानी बाउंड्री वॉल और वहां चल रहे निर्माण कार्य को तोड़कर भारी नुकसान पहुंचाया। शिकायतकर्ता हरविन्दर सिंह ढिल्लों (पुत्र स्वर्गीय सरदून सिंह), निवासी ढिल्लों कॉम्प्लेक्स, शिमला ईस्ट (वर्तमान निवासी, जालंधर) की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, हरविन्दर सिंह ढिल्लों ने पच्छाद तहसील के गांव डिलमन (गुरमुखवाली) में जमीन खरीदी है। इस भूमि पर निर्माण कार्य चल रहा था, जिसे जमीन के पूर्व मालिक बाला राम द्वारा करवाया जा रहा था। घटना के संबंध में पूर्व मालिक बाला राम ने शिकायतकर्ता को सूचित किया कि मध्यरात्रि के समय साथ लगती भूमि के मालिक संजीव कुमार और राजीव कुमार (निवासी: मार्फत भूषण ज्वैलर्स, सोलन) अपने चार अन्य साथियों के साथ अचानक मौके पर पहुंचे।

आरोप है कि इन लोगों ने निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल, वहां मौजूद पुरानी बाउंड्री वॉल और चल रहे अन्य निर्माण कार्यों को बलपूर्वक क्षतिग्रस्त कर दिया और मौके पर तोड़फोड़ कर संपत्ति को भारी क्षति पहुंचाई। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस का रुख किया और औपचारिक शिकायत सौंपी।
पुलिस थाना पच्छाद ने शिकायतकर्ता के बयानों और दी गई जानकारी के आधार पर संजीव कुमार, राजीव कुमार तथा उनके चार अन्य साथियों के खिलाफ कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस की टीम मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है और मौके पर हुए नुकसान का आकलन कर आगामी जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है।