पच्छाद में दो अलग-अलग मामलों में 348 बोतल अवैध शराब के साथ दो आरोपी दबोचे

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पच्छाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान में दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो वाहनों से कुल 348 बोतल अवैध शराब बरामद की है। दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को पुलिस थाना पच्छाद की टीम को मुखबिर खास से गुप्त सूचना मिली कि नैनाटिक्कर की तरफ से कुमारहट्टी की ओर आ रही कार HP 16AA-2346 में भारी मात्रा में अवैध शराब लोड की गई है।

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर उक्त वाहन को रोक लिया। चालक से पूछताछ करने पर उसने अपनी पहचान गणेश पुत्र जय प्रकाश, निवासी गांव दलैहरी, डाकघर नैनाटिक्कर, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर के रूप में बताई। नियमानुसार गाड़ी की तलाशी लेने पर अंदर से कुल 108 बोतलें देसी शराब बरामद की गईं। आरोपी गणेश पुलिस के समक्ष शराब से जुड़ा कोई भी वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस थाना पच्छाद में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

वहीं दूसरे मामले में इसी दिन पच्छाद पुलिस को एक अन्य गुप्त सूचना मिली कि सचिन अत्री पुत्र राजेश अत्री, निवासी गांव साधनाघाट, डाकघर नैना टिक्कर, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर अपनी कार HR26BP 4461 में नैनाटिक्कर से साधनाघाट की तरफ भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर आ रहा है।

पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ी को रोक लिया और चालक सचिन अत्री की मौजूदगी में जब वाहन की तलाशी ली, तो उसमें से बड़े पैमाने पर अवैध शराब का जखीरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से 60 बोतल अंग्रेजी शराब, 72 बोतल बीयर और 108 बोतल देसी शराब, कुल 240 बोतलें जब्त कीं। आरोपी इस खेप से संबंधित कोई भी लाइसेंस या परमिट पेश करने में असमर्थ रहा। पुलिस ने इस मामले में भी पच्छाद थाने में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है और यह पता लगाया जा रहा है कि यह शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां खपाया जाना था।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed