पच्छाद: शराब ठेके पर शराबी का हंगामा, सेल्समैन से मारपीट कर रैक से फोड़ीं बोतलें

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : उपमंडल पच्छाद के चाकला पुल स्थित शराब के ठेके पर नशे की हालत में पहुंचे एक युवक द्वारा सेल्समैन के साथ गाली-गलौज, मारपीट और ठेके में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने रैक में रखी शराब की बोतलें जमीन पर पटककर फोड़ दीं, जिससे ठेका संचालक को करीब 5,000 रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित सेल्समैन की शिकायत पर पुलिस थाना पच्छाद में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव टिक्करी (डाकघर पानवा, तहसील पच्छाद) निवासी यशवंत ने पुलिस थाना पच्छाद में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह चाकला पुल स्थित शराब ठेके पर बतौर सेल्समैन कार्यरत है। बीते 18 सितंबर को गांव जुयड़ टिक्करी (डाकघर पानवा) का रहने वाला शुभम नाम का युवक अत्यधिक नशे की हालत में ठेके पर आया।

आरोप है कि ठेके पर पहुंचते ही शुभम ने सेल्समैन यशवंत के साथ अकारण गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते उसके साथ मारपीट पर उतारू हो गया। इसके बाद आपा खो चुके आरोपी ने ठेके के रैक में सजाकर रखी गई शराब की बोतलों को जबरन बाहर निकाला और एक-एक कर जमीन पर पटकना शुरू कर दिया। इस तोड़फोड़ के कारण ठेके में रखी कई बोतलें टूट गईं, जिससे लगभग 4,990 रुपये मूल्य का सीधा नुकसान हुआ।

घटना के बाद पीड़ित सेल्समैन ने पच्छाद थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी आपबीती बताई और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पच्छाद पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर संबंधित आपराधिक धाराओं के तहत आरोपी शुभम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पुलिस द्वारा मामले में आगामी जांच अमल में लाई जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।