सोलन: पुलिस थाना परवाणू की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-05) पर कामली पुल के समीप खड़ी एक संदिग्ध गाड़ी से दो युवकों को 12.32 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार परवाणू पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कामली पुल के पास सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी में दो युवक अवैध मादक पदार्थ लेकर बैठे हैं और उसे बेचने की फिराक में हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर नियमानुसार गाड़ी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों युवकों के कब्जे से कुल 12.32 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस द्वारा पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान राहुल उम्र 25 वर्ष, पुत्र श्री जयचन्द, निवासी गांव कटेरा, डाकघर तान्दी, तहसील निथर, जिला कुल्लू व अरुण भारती उम्र 25 वर्ष, पुत्र श्री हरवंश लाल, निवासी गांव गंच्हवा, डाकघर डैर, तहसील आनी, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके पर ही नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना परवाणू में NDPS Act, 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वारदात में इस्तेमाल की जा रही गाड़ी को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से अदालत ने उन्हें 05 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड के दौरान पुलिस दोनों से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह चिट्टा कहाँ से लाया गया था और सोलन में किसे बेचा जाना था। इसके साथ ही दोनों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी जांच जारी है।