सोलन: गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में गरिमा, अनुशासन और उत्साह से परिपूर्ण शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सीनियर स्टूडेंट कैबिनेट (कक्षा 12वीं) एवं जूनियर स्टूडेंट कैबिनेट (कक्षा छठी) के नवनिर्वाचित छात्र-प्रतिनिधियों ने विद्यालय के आदर्शों और उत्तरदायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ ली। यह समारोह विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सेवा-भावना और कर्तव्यबोध के संस्कार विकसित करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल साबित हुआ।

इस गरिमामयी समारोह में विद्यालय के चेयरमैन दिनेश गर्ग, पी.टी.ए. अध्यक्ष नारायण सिंह ठाकुर तथा देवेंद्र सिंह ठाकुर विशिष्ट अतिथियों के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने नवनिर्वाचित छात्र-प्रतिनिधियों को सैश और बैज पहनाकर सम्मानित किया तथा उन्हें ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। इस गौरवपूर्ण पल में नवनिर्वाचित विद्यार्थियों के अभिभावकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक भावनात्मक व प्रेरणादायी बना दिया।
समारोह का मुख्य आकर्षण कक्षा पाँचवीं, छठी और सातवीं के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत शानदार ड्रिल प्रदर्शन रहा। विद्यार्थियों ने अद्भुत तालमेल, अनुशासन और ऊर्जा का परिचय देते हुए अपनी प्रस्तुति से सभी अतिथियों और अभिभावकों की भरपूर सराहना बटोरी। इसके साथ ही छात्रों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट ने विद्यालय की टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का अनुपम उदाहरण पेश किया।
विद्यालय के चेयरमैन दिनेश गर्ग ने नवनिर्वाचित कैबिनेट सदस्यों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि नेतृत्व किसी पद का नहीं, बल्कि ज़िम्मेदारी, सेवा, ईमानदारी और अनुशासन का प्रतीक है। आज जिन विद्यार्थियों ने यह दायित्व स्वीकार किया है, वे विद्यालय के आदर्शों के सच्चे प्रतिनिधि हैं। मुझे विश्वास है कि वे अपने उत्कृष्ट आचरण और सकारात्मक सोच से विद्यालय का गौरव बढ़ाएँगे।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सागरिका बक्शी ने अपने संबोधन में कहा कि एक सच्चा नेता वही होता है जो स्वयं अनुशासित रहकर दूसरों को सही दिशा दिखाए। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनिर्वाचित प्रतिनिधि विद्यालय की उत्कृष्ट परंपराओं को नई ऊँचाइयों पर ले जाएंगे।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान घोषित की गई मुख्य विद्यालय कैबिनेट में हेड बॉय: चेतन ठाकुर, हेड गर्ल: चाहत पाल, स्टूडेंट बॉडी प्रेसिडेंट (बालक) निशांत नेगी, स्टूडेंट बॉडी प्रेसिडेंट (बालिका): वंशिका शर्मा, उप-हेड बॉय: हर्ष वर्धन, उप-हेड गर्ल: कशिश रघुवंशी, प्रधानाचार्य सलाहकार (बालक) गौरव गुप्ता, प्रधानाचार्य सलाहकार (बालिका) ग्रेसी शर्मा, अनुशासन प्रीफेक्ट (बालक) आस्तिक गडैर, अनुशासन प्रीफेक्ट (बालिका) आरशी ठाकुर,
समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम के अंत में नवनिर्वाचित कैबिनेट सदस्यों के अभिभावकों के सम्मान में जलपान की विशेष व्यवस्था की गई। अभिभावकों ने विद्यालय की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों के अनुशासित प्रदर्शन की मुक्तकंठ से सराहना की।