पहाड़ के बेटे का कमाल! चौपाल के अंशुल शर्मा ने उत्तीर्ण की JEE Advanced की परीक्षा

शिमला : हिमाचल प्रदेश के युवाओं का प्रतिभा में कोई सानी नहीं है, और इस बात को एक बार फिर साबित कर दिखाया है जिला शिमला के चौपाल उपमंडल के एक होनहार बेटे ने। तहसील कुपवी के अंतर्गत आने वाले ग्राम बंदल के अंशुल शर्मा ने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक JEE Advanced 2026 में 12,830 ऑल इंडिया रैंक (AIR) हासिल कर पूरे क्षेत्र और देवभूमि का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। अंशुल की इस शानदार सफलता से पूरे चौपाल और कुपवी क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

अंशुल शर्मा की प्रतिभा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने JEE Mains की परीक्षा में भी अभूतपूर्व प्रदर्शन किया था। उन्होंने पहले JEE Mains में 99.56 पर्सेंटाइल और दूसरे में 99.51 पर्सेंटाइल अंक हासिल कर अपनी मजबूत दावेदारी पहले ही पेश कर दी थी।

अंशुल के अनुसार, उन्हें बचपन से ही गणित (Maths) विषय से गहरा लगाव रहा है। इसके साथ ही वे कंप्यूटर कोडिंग में भी गहरी रुचि रखते हैं। आने वाले समय में वे कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के क्षेत्र में एक बड़ा मुकाम हासिल करना चाहते हैं। अंशुल ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के आशीर्वाद को दिया है। उन्होंने ‘आकाश’ (Aakash) संस्थान से से परीक्षा की तैयारी की थी।

अंशुल एक बेहद साधारण और मेहनती परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता दिनेश शर्मा देहरादून में दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी माता संतोष देवी एक कुशल गृहणी हैं। घर में उनका एक छोटा भाई भी है जो अभी पढ़ाई कर रहा है। माता-पिता ने तमाम संघर्षों के बावजूद अंशुल की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी, और आज बेटे ने उनकी तपस्या का मान बढ़ा दिया।

अंशुल की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उनके पैतृक गांव बंदल सहित पूरी कुपवी व चौपाल तहसील में हर्ष की लहर है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों और ग्रामीणों ने अंशुल के घर पहुंचकर और सोशल मीडिया के माध्यम से परिवार को बधाई संदेश भेजे हैं। सभी ने अंशुल के इस प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और देश के शीर्ष IIT संस्थान में दाखिले के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।