पांवटा साहिब में 9.43 ग्राम चिट्टे और 56 नशीले कैप्सूल के साथ तस्कर गिरफ्तार

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरमौर पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट नाहन की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने पुरुवाला क्षेत्र में दबिश देकर एक युवक को भारी मात्रा में चिट्टा (स्मैक) और प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शाहरुख खान पुत्र गुलशेर अली, निवासी गांव पुरुवाला कांशीपुर ( पांवटा साहिब) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, बीते 20 सितंबर को SIU नाहन की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। जब टीम पुरुवाला में ‘पोंटिका कंपनी’ के पास मौजूद थी, तो उन्हें गुप्त सूचना मिली कि आरोपी लंबे समय से पुरुवाला और आसपास के इलाकों में नशीले कैप्सूल व चिट्टा बेचने का अवैध धंधा करता है और उस दिन भी खेप बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर संदेहास्पद युवक को रोका और तलाशी ली।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 9.43 ग्राम चिट्टा/स्मैक तथा 56 प्रतिबंधित ‘SPASPEACE’ (ट्रामडोल) नशीले कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना माजरा में एनडीएंडपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि वह यह नशीला सामान कहाँ से लाया था और किन-किन लोगों को सप्लाई करने वाला था। मामले में आगामी जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।