नाहन : औद्योगिक नगर पांवटा साहिब में उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय स्वर्गधाम के समीप बहती यमुना नदी के किनारे एक 15 वर्षीय किशोरी का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान आस्था (15) के रूप में हुई है, जो पांवटा साहिब के वार्ड नंबर 10 की रहने वाली थी और वेदप्रकाश की पुत्री थी। बताया जा रहा है कि आस्था बीते 19 अप्रैल से अचानक अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पांवटा साहिब पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस और परिजन पिछले कई दिनों से उसकी तलाश में जुटे थे।

शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि स्वर्गधाम के पास नदी के किनारे एक शव पड़ा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला, जिसके बाद उसकी शिनाख्त आस्था के रूप में की गई। फिलहाल मौत के सही कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या का मामला है, कोई दुर्घटना है या इसके पीछे कोई संदिग्ध साजिश है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और वार्ड नंबर 10 के आसपास के सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। 15 वर्षीय मासूम की इस तरह मौत से पूरे पांवटा साहिब में गमगीन माहौल है।