पांवटा साहिब: सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र पांवटा साहिब में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने का एक गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, गत 24 तारीख को सोशल मीडिया पर जोगिंदर शर्मा द्वारा की गई एक फेसबुक पोस्ट के कमेंट सेक्शन में अंकित शर्मा नामक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। आरोप है कि उक्त यूजर ने इस्लाम धर्म और धार्मिक आस्था के खिलाफ अभद्र भाषा व गाली-गलौज का इस्तेमाल किया, जिससे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब आरोपी द्वारा टिप्पणियों में केवल अमर्यादित भाषा का ही प्रयोग नहीं किया गया, बल्कि संबंधित समुदाय के लोगों को पाकिस्तान भेजने जैसी धमकी भरी बातें भी लिखी गईं। इस तरह के भड़काऊ और द्वेषपूर्ण कमेंट्स से क्षेत्र में नाराजगी व्याप्त है। इस घटना के संबंध में संबंधित फेसबुक पोस्ट और आपत्तिजनक कमेंट्स के स्क्रीनशॉट एकत्र कर पुलिस को शिकायत के साथ साक्ष्य के रूप में सौंपे गए हैं।

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने पूरे प्रकरण की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस के पास शिकायत और उससे जुड़े साक्ष्य प्राप्त हो चुके हैं और मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। डीएसपी ने आश्वासन दिया है कि जांच के आधार पर नियमानुसार निष्पक्ष और सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी ताकि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

स्थानीय बुद्धिजीवियों का मानना है कि सोशल मीडिया पर धार्मिक द्वेष फैलाने वाले तत्वों पर शिकंजा कसना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो तथा सभी समुदायों के बीच आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द कायम रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।