सोलन: हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा है कि राज्य सरकार आम जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सोलन स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में जन समस्याएं सुनने के बाद अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक में उन्होंने यह बात कही।
डॉ. शांडिल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार प्रदेश के दूर-दराज के इलाकों तक पहुंचकर लोगों की दिक्कतें दूर कर रही है। सोलन जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर लोगों की शिकायतों का तय समय के भीतर निपटारा किया जा रहा है।

कथेड़ में आधुनिक अस्पताल और टिक्करी में दिव्यांगजन उत्कृष्टता केंद्र
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सोलन जिले के कथेड़ में करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बहुउद्देशीय अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। यह अस्पताल बनने के बाद स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सामान्य के साथ-साथ आपातकालीन स्थिति में भी बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
इसके अलावा, कंडाघाट उपमंडल के टिक्करी गांव में 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से ‘दिव्यांगजन उत्कृष्टता केंद्र’ बनाया जा रहा है। यहां करीब 300 दिव्यांग छात्रों को एक ही छत के नीचे अच्छी शिक्षा और विशेष कौशल प्रशिक्षण मिलेगा। इस संस्थान में ऊर्जा की जरूरतें पूरी करने के लिए 500 किलोवाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट भी लगाया जाएगा।
पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के निर्देश
बैठक के दौरान डॉ. शांडिल ने सोलन शहर में पेयजल संकट का मुद्दा भी उठाया और अधिकारियों को इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने सोलन विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए जन प्रतिनिधियों से कहा कि वे योजनाओं के काम पर लगातार नजर बनाए रखें। इसके बाद उन्होंने सोलन शहर में एक नए व्यापारिक प्रतिष्ठान का उद्घाटन भी किया।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के उपाध्यक्ष डॉ. कर्नल संजय शांडिल, एचआईडीसी के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा, जतिन साहनी, अमित ठाकुर, पुनीत शर्मा, शिव कुमार, मदन हिमाचली, एसडीएम सोलन नीरजा शर्मा समेत कई विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।