नाहन : SIU नाहन की पुलिस टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4.88 ग्राम चिट्टा के साथ दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी हरियाणा की तरफ से अपनी मोटरसाइकिल पर नशा लेकर हिमाचल की सीमा में प्रवेश कर रहे थे। पांवटा साहिब पुलिस थाना में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 सितंबर को SIU नाहन की टीम गश्त के दौरान बहराल गुरुद्वारा पांवटा साहिब के समीप मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि माजरा (तहसील पांवटा साहिब) के रहने वाले दो व्यक्ति, अर्जुन कुमार और बिन्दू कुमार, काफी समय से आपस में मिलकर माजरा और पांवटा साहिब क्षेत्र में चिट्टा व स्मैक बेचने का अवैध कारोबार कर रहे हैं।

सूचना में यह भी बताया गया कि दोनों आरोपी अपनी मोटरसाइकिल (नंबर HP17F-5690) पर हथनीकुंड (हरियाणा) की ओर से पांवटा साहिब की तरफ आ रहे हैं और यदि तुरंत नाकेबंदी कर चेकिंग की जाए तो उनसे भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हो सकता है। सूचना के आधार पर SIU टीम ने तत्परता दिखाते हुए नाकेबंदी की और संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 4.88 ग्राम चिट्टा बरामद करने में सफलता हासिल की। पुलिस ने मौके पर ही नशीला पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक को ज़ब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। नाहन एसआईयू की सिफारिश पर पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में गहन जांच जारी है।