सोलन: पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, डगशाई में युवाओं को लोकतांत्रिक अधिकारों और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति संवेदनशील व जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष निर्वाचन साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य रचना अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भावी मतदाताओं को एक सशक्त और जागरूक नागरिक की भूमिका से अवगत कराना रहा।

कार्यक्रम में सोलन जिला अदालत के वरिष्ठ अधिवक्ता डी.सी. रावत ने मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित होकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को निर्वाचन साक्षरता के विभिन्न तकनीकी व व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी देते हुए देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, मताधिकार के महत्व और एक सजग मतदाता के दायित्वों पर प्रकाश डाला। अधिवक्ता रावत ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी स्वस्थ लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों की निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय और जागरूक भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने युवाओं को मतदान के अधिकारों एवं निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया।
विद्यालय की राजनीति शास्त्र प्रवक्ता अंजना ठाकुर ने कार्यक्रम की रूपरेखा और इसके प्रभाव की जानकारी देते हुए बताया कि इस सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों ने निर्वाचन साक्षरता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की और लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी सामाजिक व संवैधानिक जिम्मेदारियों को गहराई से समझा।
इस जागरूकता शिविर में विद्यालय के लगभग 60 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रशासन ने इस प्रकार के आयोजनों को युवा पीढ़ी में लोकतांत्रिक चेतना और संवैधानिक जागरूकता विकसित करने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण और सार्थक कदम बताया।