सोलन : पुलिस जिला बद्दी ने नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ जीरो टोलरेंस की नीति अपनाते हुए एक ही रात में दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। बद्दी पुलिस के स्पेशल सेल-X और पुलिस थाना बरोटीवाला की टीमों ने 19 और 20 जून 2026 की मध्य रात्रि को मुस्तैदी दिखाते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 21.434 किलोग्राम चूरा-पोस्त (भुक्की) और 123 ग्राम अफीम बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना बरोटीवाला की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एलैम्बिक चौक से दसोरा माजरा रोड पर स्थित RM केमिकल कंपनी के पास खड़े एक ट्रक (नंबर HP 12 H 9011) की नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस तब हैरान रह गई जब ट्रक की स्टेपनी (Spire Tyre) के अंदर छुपाकर रखी गई 15 किलोग्राम 168 ग्राम चूरा-पोस्त बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ट्रक चालक विरेन्द्र कुमार उर्फ बबलू (निवासी गांव सेहल, डाकघर जयनगर, तहसील अर्की, सोलन) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ बरोटीवाला थाने में एनडीपीएस (ND&PS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

दूसरी कार्रवाई में बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल-X की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सिराजमाजरा (बद्दी) में रहने वाले ‘कोलिंग’ नाम के व्यक्ति के घर पर दबिश दी। पुलिस टीम ने जब घर के बाहर गली में खड़ी आरोपी की स्कूटी की तलाशी ली, तो उसकी डिग्गी से कुल 6.266 किलोग्राम चूरा-पोस्त और 123 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी कोलिंग को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ बद्दी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।
दोनों गिरफ्तार आरोपियों को आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी वीरेंद्र कुमार को 4 दिन और आरोपी कोलिंग को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं।
पुलिस अब रिमांड के दौरान गहनता से पूछताछ करेगी कि ये लोग इतनी भारी मात्रा में नशीले पदार्थ कहां से लेकर आए थे और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। बद्दी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के काले कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।