भारतीय मजदूर संघ के जल शक्ति कर्मचारी महासंघ मंडल सोलन की बैठक संपन्न

Photo of author

By Hills Post

सोलन: भारतीय मजदूर संघ से संबंधित जल शक्ति कर्मचारी महासंघ मंडल सोलन की एक महत्वपूर्ण बैठक आज आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता भारतीय मजदूर संघ सोलन के प्रधान सुरजीत राणा ने की, जबकि कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश उप महामंत्री देवी दत्त तंवर ने विशेष रूप से उपस्थित होकर मार्गदर्शन किया। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बैठक में कर्मचारियों और पेंशनरों के लंबित पड़े 15% महंगाई भत्ते का भुगतान न होने पर गहरा रोष प्रकट किया गया तथा सरकार से इसे शीघ्र जारी करने की मांग की गई। कर्मचारियों और पेंशनरों के वर्ष 2016 से लंबित संशोधित वेतनमान के बकाया का भुगतान जल्द करने की मांग उठाई गई। 01 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 तक रिटायर हुए पेंशनरों के संशोधित बकाया, लीव एनकैशमेंट, ग्रेच्युटी और कॉम्यूटेशन का भुगतान जल्द करने की मांग की गई, जिसे लेकर पेंशनरों में भारी रोष है।

कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए चिकित्सा भत्ते की फिक्स राशि को ₹400 प्रति माह से बढ़ाकर ₹2,000 प्रति माह करने का प्रस्ताव पास हुआ। आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए स्पष्ट नीति बनाकर उन्हें विभागों के अधीन लाने की मांग की गई। जब तक वे विभागों के अधीन नहीं आते, तब तक उन्हें सम्मानजनक वेतन दिए जाने पर जोर दिया गया। जल शक्ति विभाग मंडल सोलन के अधीन कंपनियों व ठेकेदारों के तहत कार्य कर रहे कर्मचारियों को समय पर वेतन न मिलने का मुद्दा जोर-शोर से उठाया गया। नेताओं ने अधिकारियों से मांग की कि वे ठेकेदारों को कड़े निर्देश दें ताकि कर्मचारियों को हर महीने समय पर वेतन मिल सके।

भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश उप महामंत्री देवी दत्त तंवर ने कहा कि आने वाले समय में ब्लॉक और जिला स्तर पर संघ की बैठकें आयोजित कर संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अक्टूबर 2026 में भारतीय मजदूर संघ की प्रदेश कार्य समिति की बैठक सोलन में आयोजित की जाएगी।

इस बैठक के दौरान इंद्र सिंह ठाकुर, नरेश कुमार, सुनील कुमार, हरनाम सिंह, सुरेश कुमार, नेत्र सिंह, दलीप सिंह और शुभम सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।