सिरमौर: सितंबर माह में वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट का शेड्यूल जारी, जानें अपने क्षेत्र की तिथियां

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के परिवहन विभाग ने जिला सिरमौर के लिए सितम्बर 2026 का वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है। आरटीओ सोना चंदेल ने बताया कि जिला मुख्यालय नाहन में वाहनों की पासिंग के लिए 7 और 23 सितंबर 2026 की तिथियां तय की गई हैं, जबकि चालकों के लिए ड्राइविंग टेस्ट 8 और 24 सितंबर को आयोजित किए जाएंगे।

पांवटा साहिब उपमंडल में गाड़ियों की संख्या को देखते हुए वर्गवार विशेष व्यवस्था की गई है। पांवटा साहिब में 15 सितंबर को केवल निजी वाहनों (Private Vehicles) और स्कूल बसों की पासिंग होगी, 16 सितंबर को केवल कमर्शियल या ट्रांसपोर्ट वाहनों की पासिंग की जाएगी तथा शेष अन्य वाहनों के लिए 29 सितंबर की तारीख रखी गई है। इसके अतिरिक्त, पांवटा साहिब में ड्राइविंग टेस्ट 17 और 30 सितंबर 2026 को आयोजित होंगे।

वहीं राजगढ़ क्षेत्र में वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट दोनों प्रक्रियाएं एक ही दिन 3 सितंबर 2026 को पूरी की जाएंगी। संगड़ाह उपमंडल के लिए 5 सितंबर 2026 की तिथि निर्धारित की गई है, जहाँ इसी दिन पासिंग और टेस्ट दोनों होंगे। इसके अलावा सराहां (पच्छाद) क्षेत्र के आवेदकों के लिए 21 सितंबर 2026 का दिन तय किया गया है।

कफोटा और शिलाई के लिए एक ही दिन 19 सितंबर 2026 की तारीख तय की गई है, लेकिन समय को दो हिस्सों में बांटा गया है। 19 सितंबर को पूर्वाह्न (Forenoon/सुबह) कफोटा में पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट लिए जाएंगे, जबकि उसी दिन अपराह्न (Afternoon/दोपहर बाद) शिलाई क्षेत्र में यह कार्य पूरा किया जाएगा।

RTO सिरमौर ने सभी वाहन मालिकों, व्यावसायिक चालकों और नए ड्राइविंग लाइसेंस आवेदकों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के निर्धारित दिन ही उपस्थित हों और वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखें।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।