सोलन: हिमाचल प्रदेश भू-व्यवस्था संयुक्त पटवारी-कानूनगो संघ के राज्यस्तरीय संगठनात्मक चुनाव सोलन जिला की अर्की तहसील के धानोघाट में सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। यह पूरी निर्वाचन प्रक्रिया वाकनाघाट के नायब तहसीलदार शमशेर ठाकुर की विशेष एवं आधिकारिक उपस्थिति में नियमों के तहत पूरी की गई। चुनाव के बाद सर्वसम्मति से नई राज्य कार्यकारिणी का गठन किया गया।

विभागीय संघ के इस महत्वपूर्ण चुनाव में ओंकार चंद शर्मा को सर्वसम्मति से राज्य अध्यक्ष चुना गया। उनके साथ कार्यकारिणी को विस्तार देते हुए अरविंद मेहता वरिष्ठ उपाध्यक्ष, चेतराम पाल महासचिव, धर्मेन्द्र सिंह एवं मोहित सूद उपाध्यक्ष, पंकज शर्मा सह सचिव, टीके राम संगठन सचिव, बलवान सांख्यान एवं विजय कुमार प्रेस सचिव एवं मीडिया प्रभारी, संतराम कानूनगो कोषाध्यक्ष, शिशुपाल कानूनगो सलाहकार, भारत भूषण मुख्य संरक्षक बनाए गए।
चुनाव के बाद नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष ओंकार चंद शर्मा ने राज्यभर से आए संघ के सभी सदस्यों और प्रतिनिधियों का उन पर विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि हमारा संघ सदैव राजस्व और भू-व्यवस्था विभाग के कर्मचारियों के जायज हितों की रक्षा के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य करेगा। इसके साथ ही, विभागीय समन्वय को बेहतर बनाने तथा संगठन की गरिमा व शुचिता को बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और आम सदस्यों से आह्वान किया कि वे आपसी मतभेदों को भुलाकर पूरी एकजुटता के साथ काम करें, ताकि संघ को और अधिक मजबूत व नीतिगत रूप से सशक्त बनाया जा सके।
इस राज्यस्तरीय चुनावी महाधिवेशन के अवसर पर भू-व्यवस्था मंडल शिमला के अध्यक्ष राजेश तोमर, महासचिव प्रेम सापटा तथा कांगड़ा भू-व्यवस्था मंडल के अध्यक्ष वीरेंद्र विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने नई कार्यकारिणी को अपनी शुभकामनाएं दीं और कर्मचारियों के कल्याण के लिए मिलकर काम करने का संकल्प दोहराया।