माजरा बाजार में खूनी संघर्ष: मोटरसाइकिल सवार दो युवकों पर चाकू से हमला; मामला दर्ज

नाहन : उपमंडल पांवटा साहिब के अंतर्गत आते पुलिस थाना माजरा के बाजार के समीप सरेराह गुंडागर्दी और चाकूबाजी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे दो चचेरे भाइयों का रास्ता रोककर न केवल मारपीट की गई, बल्कि बीच-बचाव करने आए एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसे लहुलुहान कर दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला शिकायतकर्ता अदित्य चौधरी (निवासी गांव मटक-माजरी, डाकघर माजरा, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर) के बयानों पर दर्ज किया गया है। अदित्य चौधरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शाम के समय अपने चचेरे भाई हिमांशु के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर माजरा बाजार से वापस अपने घर लौट रहा था।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, जैसे ही वे राजा की दुकान के समीप पहुंचे, तो पीछे से एक मोटरसाइकिल पर आए आतीक (पुत्र आमीर खान) और जाकरिया (पुत्र अयूब, दोनों निवासी माजरा) ने उनकी मोटरसाइकिल को जबरन बीच रास्ते में रोक लिया। बाइक रोकते ही दोनों आरोपियों ने हिमांशु के साथ तीखी बहस और गाली-गलौज शुरू कर दी।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपी मारपीट पर उतारू हो गए। जब अदित्य चौधरी अपने भाई हिमांशु को बचाने के लिए बीच-बचाव करने लगा, तो आरोपी जाकरिया ने क्रूरता दिखाते हुए अदित्य की कमर पर चाकू से जोरदार वार कर दिया। वहीं, दूसरे आरोपी आतीक ने उसे पीछे की तरफ धक्का दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

चाकू के इस हमले के कारण अदित्य चौधरी की कमर पर गंभीर चोट आई है, जिसके बाद उसे तुरंत उपचार के लिए ले जाया गया। एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि माजरा पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों (आतीक और जाकरिया) के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।