नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना माजरा के तहत मारपीट और जान से मारने की धमकियों के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। दिलचस्प बात यह है कि दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है, जिसके बाद पुलिस ने क्रॉस-केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली शिकायत गांव बोडीवाली (कोलर) निवासी पार्वती देवी ने दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार, 19 अप्रैल की शाम उनका बेटा प्रेम कुमार अपनी दुकान बंद कर गाड़ी से घर लौट रहा था। आरोप है कि दुकान से थोड़ी दूरी पर सचिन और अमित नामक व्यक्तियों ने उसे घेर लिया, उसके साथ धक्का-मुक्की की और मारपीट की। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके बेटे को जान से मारने की धमकियां दीं और अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

वहीं, दूसरे पक्ष से हरियाणा के सोनीपत निवासी सचिन कुमार ने क्रॉस-केस दर्ज करवाया है। सचिन का आरोप है कि प्रेम कुमार शाम के समय ADS Spirits फैक्टरी कैंपस में बिना अनुमति के घुस आया। जब गार्ड ने उसे रोका, तो प्रेम कुमार ने उसके साथ हाथापाई और गाली-गलौज की।
सचिन के अनुसार, जब वह और अमित मौके पर पहुंचे, तो प्रेम कुमार ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी और फोन करके अपने जीजा व दो अन्य लोगों को बुला लिया। सचिन ने आगे आरोप लगाया कि जब वे इस मामले की रिपोर्ट करने पुलिस थाना माजरा पहुंचे, तो थाने के बाहर ही प्रेम कुमार, उसके जीजा और पृथ्वी सिंह ने उनके साथ फिर से मारपीट की।
पुलिस थाना माजरा ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले की सच्चाई जानने के लिए चश्मदीदों के बयान ले रही है और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।