नाहन : सिरमौर जिले के माजरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दर्दनाक हादसे का मामला सामने आया है। मिश्रवाला में एक वेयरहाउस के निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी खाली कर रहा डम्पर अचानक पलट गया, जिसकी चपेट में आने से ठेकेदार की मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होने के बाद अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस थाना माजरा में दी गई शिकायत के अनुसार, बीते कल को यशपाल चौहान (पुत्र मकर सिंह, निवासी गाँव व डाकघर डिमोउ, तहसील कालसी, जिला देहरादून, उत्तराखंड) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि मिश्रवाला में एक वेयरहाउस का निर्माण कार्य चल रहा है। इस कंस्ट्रक्शन वर्क का ठेका नाजर अली ने ले रखा था, जहाँ डम्परों के माध्यम से रेत, मिट्टी आदि मंगाकर गिरवाई जाती थी।

घटना वाले दिन की शाम को वहाँ डम्पर नंबर HP71-6130 द्वारा मिट्टी खाली की जा रही थी, और ठेकेदार नाजर अली वहीं पास में ही खड़े थे। मिट्टी खाली करते समय डम्पर का जैक काफी ऊंचा उठ गया था। इस दौरान चालक ने डम्पर को आगे-पीछा हिलाया, जिससे संतुलन बिगड़ गया और डम्पर अचानक नाजर अली की तरफ पलट कर उनके ऊपर आ गिरा।
हादसे के तुरंत बाद वहाँ मौजूद लोगों ने नाजर अली को डम्पर के नीचे से बाहर निकाला और गंभीर हालत में तुरंत जुनेजा अस्पताल पहुँचाया, जहाँ जाँच के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह हादसा चालक की लापरवाही के कारण हुआ है। इस संबंध में पुलिस थाना माजरा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस द्वारा मामले में आगामी जाँच व अन्वेषण जारी है।