राजगढ़ में होटल की आड़ में अफीम का धंधा: 242.95 ग्राम अफीम के साथ बाप-बेटा गिरफ्तार

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसआईयू नाहन की पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने आज कार्रवाई करते हुए 242.95 ग्राम अफीम बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, एसआईयू नाहन की पुलिस टीम जब इलाके में गश्त के दौरान सलैच कैंची के पास मौजूद थी, तो उन्हें गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना में बताया गया कि लेखराम (निवासी कंलियोंपाब, डाकघर कोटला बांगी, तहसील राजगढ़, जिला सिरमौर), जिनका शिलाबाग में ‘कंवर भोजनालय’/दुकान है, वे अपने भोजनालय में अपने बेटे धर्मेंद्र उर्फ मिंदा के साथ मिलकर काफी समय से अफीम बेचने का धंधा चला रहे हैं।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शिलाबाग स्थित ‘कंवर भोजनालय’ में दबिश दी। दुकान व भोजनालय की नियमानुसार तलाशी ली गई, जिस दौरान पुलिस को लेखराम और उसके बेटे धर्मेंद्र कुमार के कब्जे से 242.95 ग्राम अवैध अफीम बरामद करने में सफलता प्राप्त हुई।

पुलिस ने मौके से अफीम को जब्त कर दोनों आरोपियों—लेखराम और धर्मेंद्र कुमार को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगामी तफ्तीश जारी है कि वे यह अफीम कहाँ से लाए थे और किन-किन लोगों को बेचने वाले थे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।