नाहन : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सनियो दीदग (शिक्षा खंड राजगढ़, सिरमौर) में चार दिवसीय 70वीं जोनल स्तरीय अंडर-19 (छात्र वर्ग) खेलकूद प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ। जिला विद्यालय खेल संघ सिरमौर के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 21 शिक्षण संस्थानों (17 वरिष्ठ माध्यमिक, 3 उच्च विद्यालय और 1 निजी विद्यालय) के लगभग 286 छात्र खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। चार दिनों के दौरान खो-खो, शतरंज, कुश्ती, वॉलीबॉल और कबड्डी जैसे विभिन्न खेलों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
प्रतियोगिता का उद्घाटन उपमंडलाधिकारी (नागरिक) राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में किया, जबकि खंड विकास अधिकारी उमेश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने खेलों को बच्चों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन और टीम भावना का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल का सीमित उपयोग करने तथा मैदान में सक्रिय रहने का आह्वान किया, जिससे मानसिक तनाव कम हो और स्वस्थ जीवनशैली अपनाई जा सके। उन्होंने जीत और हार दोनों को खेल भावना के साथ स्वीकार करने पर जोर दिया।

समारोह के दौरान विशिष्ट अतिथि उमेश शर्मा ने अपने व्यक्तिगत अनुभवों को साझा करते हुए विद्यार्थियों को समय के सदुपयोग और लक्ष्य निर्धारण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति और स्थानीय पंचायत द्वारा अतिथियों को हिमाचली टोपी व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में मेजबान स्कूल के प्रधानाचार्य-सह-समन्वयक तथा ग्राम पंचायत दीदग के प्रधान (व प्रतियोगिता के संरक्षक) वेद प्रकाश ठाकुर की मुख्य भूमिका रही।
प्रतियोगिता का समापन 27 अगस्त को दोपहर 2 बजे आयोजित किया जाएगा। समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं विजेता टीमों को पुरस्कृत करेंगे।