नाहन: हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने बुधवार को लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता के साथ सिरमौर जिले के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के पश्मी गांव स्थित श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज के पावन मंदिर में माथा टेका। उन्होंने प्रदेश और देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और कल्याण की कामना की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि भारत की सदियों पुरानी देव संस्कृति और समृद्ध सनातन परंपराएं हमारी आध्यात्मिक शक्ति, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का आधार हैं। उन्होंने इस अमूल्य विरासत को भावी पीढ़ियों के लिए संरक्षित और संवर्धित करने पर जोर दिया।

चालदा महासू महाराज की भ्रमण परंपरा समाज की एकता का प्रतीक
राज्यपाल ने कहा कि भगवान शिव के स्वरूप में पूजे जाने वाले श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज सत्य, न्याय, धर्म और लोक कल्याण के प्रतीक हैं। देवता के गांव-गांव भ्रमण की अनूठी परंपरा समाज में व्याप्त एकता, आपसी सम्मान और सामूहिक आस्था की भावना को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की साझा देव संस्कृति भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक एकता का अनुपम उदाहरण है, जो भौगोलिक सीमाओं से परे आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करती है।
धार्मिक पर्यटन से सुदृढ़ होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि आज भारत आधुनिक विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ने के साथ-साथ अपनी गौरवशाली सभ्यतागत और आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान दिला रहा है। उन्होंने कहा कि नैतिक रूप से सशक्त और सामाजिक रूप से उत्तरदायी समाज के निर्माण के लिए युवा पीढ़ी को सनातन मूल्यों और स्थानीय परंपराओं से जोड़ना बेहद जरूरी है।
राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इन्हें सतत विकास के दृष्टिकोण से आगे बढ़ाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और प्रदेश की समृद्ध संस्कृति को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
नशामुक्त और आत्मनिर्भर हिमाचल के निर्माण का आह्वान
कविन्द्र गुप्ता ने प्रदेशवासियों से नशामुक्त, समृद्ध, सांस्कृतिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर हिमाचल प्रदेश के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने तथा ‘विकसित भारत@2047’ के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए समस्त मानवता पर श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज की कृपा बने रहने की कामना की। इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, सिरमौर की उपायुक्त प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।