राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने काला अंब में जनसेवा को समर्पित की एंबुलेंस, बोले अहम होगी MSME क्षेत्र की भूमिका

Photo of author

By Hills Post

नाहन: हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने बुधवार को सिरमौर जिले के औद्योगिक क्षेत्र काला अंब में लघु उद्योग भारती की स्थानीय इकाई द्वारा आयोजित एक समारोह में एंबुलेंस को जनसेवा के लिए समर्पित किया। इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उनके साथ उपस्थित रहीं। जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र भारत की आर्थिक प्रगति के उत्प्रेरक के रूप में काम कर रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत@2047’ के विजन को साकार करने में यह क्षेत्र निर्णायक भूमिका निभाएगा।

औद्योगिक प्रगति के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी जरूरी

संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि औद्योगिक प्रगति के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और मानवता की सेवा भावना का जुड़ा होना बेहद जरूरी है। जनसेवा के लिए एंबुलेंस समर्पित करना औद्योगिक जगत की समाज के प्रति संवेदनशीलता, प्रतिबद्धता और सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक विकास में काला अंब के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि ऐसे औद्योगिक क्लस्टरों में निवेश आकर्षित करने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की अपार संभावनाएं हैं।

देश में 32 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार दे रहा एमएसएमई क्षेत्र

राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में एमएसएमई के योगदान का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने बताया कि देशभर में 7.47 करोड़ से अधिक पंजीकृत एमएसएमई इकाइयां 32 करोड़ से ज्यादा लोगों को रोजगार उपलब्ध करवा रही हैं। साथ ही ये इकाइयां देश की जीडीपी, विनिर्माण और निर्यात में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने 1 अप्रैल 2025 से प्रभावी हुए एमएसएमई के संशोधित वर्गीकरण का जिक्र करते हुए कहा कि निवेश और वार्षिक कारोबार की सीमा बढ़ने से उद्यमियों के लिए कारोबार के विस्तार, नए निवेश और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के नए द्वार खुले हैं। नई व्यवस्था के तहत सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के लिए निवेश की सीमा क्रमशः 2.5 करोड़, 25 करोड़ और 125 करोड़ रुपये तय की गई है, जबकि वार्षिक कारोबार की सीमा बढ़ाकर क्रमशः 10 करोड़, 100 करोड़ और 500 करोड़ रुपये कर दी गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और क्रेडिट गारंटी योजना को उद्यमियों के लिए एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करने वाला बताया।

विद्यार्थियों को बांटे स्कूल बैग, पंचायत प्रधान हुए सम्मानित

समारोह के दौरान राज्यपाल ने विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए और काला अंब क्षेत्र के पंचायत प्रधानों को सम्मानित भी किया। उन्होंने उद्यमियों को साझा मंच प्रदान करने और राष्ट्र निर्माण की भावना को बढ़ावा देने के लिए लघु उद्योग भारती की सराहना की तथा जनकल्याणकारी पहल के लिए काला अंब इकाई के पदाधिकारियों को बधाई दी।

इससे पहले लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरविंद धूमल ने राज्यपाल का स्वागत किया और प्रदेश में संस्था के अंतर्गत स्थापित औद्योगिक इकाइयों की जानकारी दी। वहीं, संस्था के सदस्य अखिल महेश्वरी ने काला अंब इकाई द्वारा चलाए जा रहे सामाजिक कार्यों व गतिविधियों से राज्यपाल को अवगत करवाया। कार्यक्रम के अंत में लघु उद्योग भारती के प्रदेशाध्यक्ष अखिल मोहन ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed