मंडी: राज्यपाल श्री राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आज मंडी जिले के थुनाग उपमण्डल के अन्तर्गत झुण्डी पंचायत के बाड़ा ग्राउंड से टैक्सस वकाटा (थुन्न) का पौधा रोपित कर ‘हरियाली’ पौधारोपण अभियान का शुभारम्भ किया। राज्य रेडक्रॉस अस्पताल कल्याण शाखा की अध्यक्ष डॉ. साधना ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थीं। डॉ साधना ठाकुर ने देवदार का पौधा रोपा।

‘हरियाली’ पौधारोपण अभियान हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस के माध्यम से प्रदेश भर में आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत पूरे प्रदेश में एक दिन में 1 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है जबकि मण्डी जिले में 12 हजार पौधे रोपित किए जाएंगे। जिला स्तर पर यह कार्यक्रम जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से आयोजित किया जाएगा।

इस मौके पर नाचन के वन मण्डलाधिकारी श्री तीर्थराम धीमान ने राज्यपाल को शॉल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया।
इससे पूर्व, राज्यपाल ने जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा जोनल अस्पताल के सहयोग से थुनाग में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारम्भ भी किया। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस के माध्यम से लोगोें को रक्त दान के लिए प्रेरित किया जाता है ताकि जरूरतमंदों को रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर, राज्यपाल ने गरीब व पात्र व्यक्तियों को 10 व्हील चेयर, 2 बैसाखियां व 1 वाकिंग स्टिक भेंट किए। जिला मंडी रेडक्रॉस सोसायटी ने अभी तक करीब 137 व्हील चेयर व 71 बैसाखियां व स्टिक पात्र व्यक्तियों को वितरित किए गए हैं।
राज्यपाल के सचिव एवं राज्य रेडक्रॉस के महासचिव श्री राजेश शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र शर्मा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version