नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना रेणुका जी के अंतर्गत एक स्विफ्ट कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता की सतर्कता और एम-परिवहन ऐप की जांच में इस फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते कल ऋषि ठाकुर पुत्र प्रताप सिंह ठाकुर, निवासी गांव जार द्राविल, डाकघर जरग, तहसील ददाहू, जिला सिरमौर ने पुलिस थाना रेणुका जी में इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि राजेन्द्र कुमार पुत्र राम दयाल, निवासी गांव तिरमली दयाड़, डाकघर व तहसील ददाहू, जिला सिरमौर, जो स्वयं को पत्रकार बताता है, काफी समय से एक स्विफ्ट कार का प्रयोग कर रहा है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उक्त स्विफ्ट कार पर हरियाणा का नंबर HR06P-9952 लगा हुआ है। जब इस वाहन नंबर को सरकारी पोर्टल ‘एम-परिवहन ऐप’ (mParivahan App) पर जांचा गया, तो रिकॉर्ड में यह नंबर मौजूद ही नहीं पाया गया।
शिकायत में यह भी आशंका जताई गई है कि राजेन्द्र कुमार ने अपनी पहचान छिपाने और धोखा देने की नीयत से कार पर यह फर्जी नंबर प्लेट लगाई है। शिकायतकर्ता ने संदेह व्यक्त किया है कि फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल जानबूझकर किसी आपराधिक गतिविधि को अंजाम देने के उद्देश्य से किया जा रहा है, ताकि घटना के बाद वाहन की पहचान न हो सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना रेणुका जी में आरोपी राजेन्द्र कुमार के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है।