रोनाहट कॉलेज बंद होने पर सियासी घमासान: भाजपा बोली- मंत्री ने दिया था आश्वासन

नाहन : सिरमौर जिला के रोनाहट कॉलेज को बंद कर उसका नाहन कॉलेज में विलय (Merge) किए जाने के फैसले पर क्षेत्र की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। भाजपा ने सरकार के इस निर्णय को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रदेश सरकार पर क्षेत्र की जनता और छात्रों की भावनाओं की अनदेखी करने का सीधा आरोप लगाया है।

नाहन में भाजपा प्रदेश कार्य समिति के सदस्य सुरेंद्र हिंदुस्तानी ने सरकार की इस अधिसूचना पर कड़ा एतराज जताया। उन्होंने कहा कि रोनाहट कॉलेज को बंद कर उसका विलय नाहन कॉलेज में करने का फैसला क्षेत्र के छात्रों और अभिभावकों की उम्मीदों पर कुठाराघात है।

सुरेंद्र हिंदुस्तानी ने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि रोनाहट कॉलेज पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में खोला गया था। सुदूर क्षेत्र के लोगों को उम्मीद थी कि समय के साथ इस कॉलेज में और अधिक सुविधाएं जुटाई जाएंगी तथा नए पाठ्यक्रम (Courses) शुरू किए जाएंगे ताकि स्थानीय बच्चों को घर के पास ही उच्च शिक्षा मिल सके। लेकिन सरकार ने कॉलेज को मजबूत करने और सुविधाएं बढ़ाने की बजाय इसे सीधे बंद करने का ही फरमान सुना दिया।

भाजपा नेता ने स्थानीय विधायक और कैबिनेट मंत्री हर्षवर्धन चौहान को घेरते हुए कहा कि उन्होंने जनता को बकायदा आश्वासन दिया था कि किसी भी कीमत पर रोनाहट कॉलेज को बंद नहीं होने दिया जाएगा। मगर अब मंत्री और प्रदेश सरकार अपने ही वादों से पीछे हट गए हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों में भारी निराशा और आक्रोश है।

उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भाजपा और स्थानीय जनता इस जनविरोधी फैसले का विरोध करती है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इस अधिसूचना पर तुरंत पुनर्विचार किया जाए और रोनाहट कॉलेज को यथावत रखते हुए सुविधाएं बढ़ाई जाएं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।