शिमला के गांवों में भालुओं का आतंक: कोटखाई में 23 हमले, प्रशासन ने कसी कमर

Photo of author

By Hills Post

शिमला: जिला शिमला के ग्रामीण इलाकों में भालुओं के बढ़ते हमलों और गहराते मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शुक्रवार को उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में वन विभाग के सभी मंडलीय वन अधिकारियों (डीएफओ), एसडीएम, बीडीओ, पर्यटन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभावित ग्राम पंचायतों के प्रधानों को भी ऑनलाइन जोड़ा गया, ताकि जमीनी हकीकत को समझकर एक ठोस कार्ययोजना तैयार की जा सके। हाल के दिनों में भालुओं के हमलों में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और कुछ को आईसीयू में भी भर्ती करवाना पड़ा है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।

कोटखाई में 23 हमले, रामपुर से 12 भालू अभयारण्यों में शिफ्ट

बैठक के दौरान वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) ठियोग ने बताया कि अकेले कोटखाई क्षेत्र में अब तक भालुओं के हमलों की 23 घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं। इनमें से अधिकांश हमले देर रात 12 बजे से सुबह 3 बजे के बीच हुए हैं। उन्होंने कहा कि भालुओं की नियमित गणना न होने के कारण उनकी सटीक संख्या का आकलन करना कठिन है। वहीं, डीएफओ रामपुर ने जानकारी दी कि काशापाट, डंसा और सराहन क्षेत्रों में भी हमले हुए हैं। रामपुर में रैपिड रेस्क्यू टीम तैनात है और अब तक 12 भालुओं को अलग-अलग स्थानों से पकड़कर वन्यजीव अभयारण्यों में छोड़ा जा चुका है। इसके अलावा सुन्नी, डोडरा क्वार, रोहड़ू और चौपाल के एसडीएम ने भी अपने क्षेत्रों में भालुओं की मौजूदगी की जानकारी साझा की।

अब दिन के उजाले में भी दिख रहे भालू, वैज्ञानिक अध्ययन पर जोर

पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इस बात पर चिंता जताई कि पहले भालू मुख्य रूप से सूर्यास्त से सूर्योदय के बीच ही सक्रिय रहते थे, लेकिन अब दिन के समय भी वे खेतों और रिहायशी इलाकों के आसपास देखे जा रहे हैं। कई जगहों पर मादा भालुओं को दो से तीन शावकों के साथ भी देखा गया है। उपायुक्त ने भालुओं के व्यवहार, शीतनिद्रा (हाइबरनेशन) में आ रहे बदलाव और जंगलों की आग से उनके प्राकृतिक आवास व भोजन पर पड़ने वाले असर का वैज्ञानिक अध्ययन करने पर जोर दिया। उन्होंने लोगों को जंगलों और खेतों में आग न लगाने के प्रति जागरूक करने को भी कहा।

आंगनवाड़ी केंद्रों की सुरक्षा और पर्यटकों के लिए एडवाइजरी

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने वन विभाग को निर्देश दिए कि सभी ग्राम पंचायतों में संबंधित वन अधिकारियों और कर्मचारियों के संपर्क नंबर उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि भालू दिखने पर तुरंत सूचना दी जा सके। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों में छोटे बच्चों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और अभिभावकों को सतर्क करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिला पर्यटन विकास अधिकारी को जिले में आने वाले पर्यटकों और ट्रैकर्स के लिए भालुओं से बचाव संबंधी एडवाइजरी जारी करने को कहा गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. यशपाल रांटा ने बताया कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टिटनेस, एंटी-रेबीज वैक्सीन और इम्युनोग्लोबुलिन जैसी आपातकालीन दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।

लाल मिर्च के उपले और इलेक्ट्रिक फुटमैट जैसे उपायों पर चर्चा

बैठक में भालुओं को रिहायशी इलाकों से दूर रखने के लिए कई व्यावहारिक उपायों पर मंथन किया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने सुझाव दिया कि गाय के गोबर के उपलों में लाल मिर्च मिलाकर जलाने से भालुओं को दूर रखा जा सकता है। इसके अलावा गौशालाओं के दरवाजे मजबूत करने, बाहर इलेक्ट्रिक फुटमैट लगाने, एनिमल डिटरेंट डिवाइस, बियर स्प्रे और संवेदनशील जगहों पर पिंजरे लगाने जैसे विकल्पों पर भी चर्चा हुई। काशापाट की कंडी पंचायत के प्रधान ब्यासु राम ने बताया कि हाल ही में एक घायल व्यक्ति की समय पर सूचना देने से उसे आईजीएमसी में सही वक्त पर इलाज मिल सका। उन्होंने भालुओं द्वारा मटर की फसल को नुकसान पहुंचाने और भेड़ पालकों पर मंडराते खतरे की बात भी उठाई।

उपायुक्त ने आमजन से अपील की है कि वे भालू प्रभावित इलाकों में अकेले न निकलें, बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें और किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। इस बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, एडीएम (प्रोटोकॉल) ज्ञान सागर नेगी, एडीएम (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, सीएमओ डॉ. यशपाल रांटा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी जगदीश शर्मा और जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) ममता पॉल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed