शिलाई क्षेत्र में सड़क हादसे, बोलेरो कैंपर खाई में गिरने से महिला की मौत, 8 लोग घायल

शिलाई: पुलिस थाना शिलाई के अंतर्गत बीते 24 घंटों में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं सामने आई हैं। पहले हादसे में एक बोलेरो कैंपर के अनियंत्रित होकर खाई में गिर जाने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 8 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, दूसरे मामले में नेशनल हाईवे-707 पर कार और स्कूटी के बीच सीधी टक्कर हो गई, जिसमें स्कूटी सवार दंपति घायल हुए हैं।

पुलिस थाना शिलाई से मिली जानकारी के अनुसार, वीरवार को एक बोलेरो कैंपर गाड़ी नंबर HP62-3397 टिम्बी से कुराया की ओर आ रही थी। कुराया के समीप एक तीखी चढ़ाई पर चालक ने अचानक वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण गाड़ी सड़क से करीब 10-15 मीटर नीचे ढलान वाली खाई में जा गिरी।
हादसे की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और भारी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे घायलों को बाहर निकाला।

हादसे में लीला देवी पत्नी जीत सिंह निवासी गांव सताहन, डाकघर सांगना, तहसील संगड़ाह को अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया। जबकि संगड़ाह क्षेत्र केइंद्र सिंह पुत्र सजनू, तारा देवी पत्नी इंद्र सिंह और जीत सिंह पुत्र भोलर सिंह निवासी गांव सताहन घायल हैं। शिलाई क्षेत्र की केसो देवी पत्नी स्वर्गीय सुंदर सिंह, विनोद पुत्र इंद्र सिंह, कुलदीप सिंह पुत्र अमर सिंह, शकुन्तला देवी पत्नी रघुवीर सिंह और कर्ण पुत्र रघुवीर सिंह सभी निवासी गांव कुराया, डाकघर क्यारी गुन्डाह घायल हैं ।

स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल शकुन्तला, जीत सिंह और कर्ण को तुरंत इलाज के लिए पांवटा साहिब भेजा, जबकि अन्य घायल इंद्र सिंह, तारा देवी, केसो देवी, विनोद और कुलदीप को सिविल अस्पताल शिलाई पहुंचाया गया।

पुलिस की शुरुआती जांच में यह हादसा चालक कुलदीप की लापरवाही और वाहन से नियंत्रण खोने के कारण पेश आया है। पुलिस ने शिलाई थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125 और 106 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

दूसरा हादसा भी वीरवार को ही नेशनल हाईवे-707 पर उतरी के पास पेश आया। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, शिमला जिले की चौपाल तहसील के भाटगढ़ गांव की रहने वाली बॉबी शर्मा अपने पति अतर सिंह, भतीजे सुमित शर्मा और बच्चों शिवांश व अनिरुद्ध के साथ अपनी कार (नंबर HPO8B-3777) में सवार होकर पांवटा साहिब की तरफ जा रहे थे। कार को अतर सिंह चला रहे थे।

जब उनकी कार उतरी के पास पहुंची, तो पांवटा साहिब की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार स्कूटी नंबर HP17J-1105 गलत दिशा से आई और सीधे कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार सड़क पर दूर जा गिरे।

इस हादसे में स्कूटी चालक राकेश पुत्र शूपा राम और उनके साथ बैठी उनकी पत्नी पूजा देवी निवासी गांव बौंच को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। इस संदर्भ में भी पुलिस थाना शिलाई में स्कूटी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(a) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।