नाहन : सिरमौर जिले के शिलाई थाना क्षेत्र में हुए चर्चित खजान सिंह हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी विशेष जांच टीम को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले की गहन तफ्तीश के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बीते कल 22 नवंबर को नाहन शहर से एक महिला सहित दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मामले में विशाल कुमार पुत्र पूरन चंद (निवासी मकान नं. 1075/4, मोहल्ला अमरपुर, शिवपुरी मार्ग, तहसील नाहन) तथा फरिह्या शेख पत्नी अंजुमान शेख (निवासी मकान नं. 443/7, गुन्नू घाट, मॉल रोड, नाहन) को गिरफ्तार किया गया है। SIT की जांच में इस जघन्य वारदात में इन दोनों की संलिप्तता के पुख्ता साक्ष्य मिले थे, जिसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को धर दबोचा।

गौरतलब है कि यह सनसनीखेज वारदात 10 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7:20 बजे शिलाई क्षेत्र के कोटी उतरोऊ मोड़ के पास हुई थी। खजान सिंह (निवासी गांव क्यारटा पिपलटी, डाकघर जामू कोटी, तहसील ददाहू) अपने भाई रविंद्र सिंह के साथ मोटरसाइकिल (HP 71A-4396) पर चांदपुर धार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाकर चलाई गई गोली पीछे बैठे खजान सिंह को जा लगी, जिससे उनकी मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे रविंद्र सिंह के हेलमेट में भी गोली का छर्रा धंस गया था। इस संबंध में पुलिस थाना शिलाई में 11 नवंबर को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा और आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
रंजिश के चलते मुख्य आरोपी ने रची थी साजिशमामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने डीएसपी मानवेंद्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में SIT का गठन किया था। जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले 18 नवंबर 2026 को मुख्य आरोपी विनोद पुत्र ग्यार सिंह (निवासी गांव कथयाड, डाकघर टिंबी, तहसील शिलाई) को गिरफ्तार किया था। पुलिस जांच में यह बात सामने आई थी कि मृतक खजान सिंह के बेटे द्वारा आरोपी की बहन को भगाकर ले जाने की रंजिश के चलते विनोद ने सुनियोजित तरीके से इस हत्याकांड को अंजाम दिया था।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस दोनों आरोपियों को आज माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करेगी। । एसपी ने बताया कि मामले में आगामी अन्वेषण जारी है और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।